जयपुर। देश के नामी साहित्यकार अशोक वाजपेयी, नंदकिशोर आचार्य ऋतुराज, भानु भारती और ओम थानवी सहित सौ से अधिक शीर्षक रचनाकार, पत्रकार पिंकसिटी नेशनल लिटरेचर फेस्टिवल में शिरकत करेंगे. पिंकसिटी प्रेस क्लब, पीपुल्स मीडिया थियेटर और राजस्थान साहित्य अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में 12 13 14 दिसंबर को प्रेस क्लब जयपुर में आयोजित इस तीन दिवसीय साहित्य उत्सव में 15 सत्रों में विशेषज्ञ, विद्वान और विचारक विभिन्न विषयों पर दिन में 2:00 से रात 9:00 बजे तक गहन चर्चा करेंगे।
विचार गोष्ठियों के साथ-साथ मुशायरा, काव्य गोष्ठी, ओपन माइक, संगीत संध्या, और नाटक प्रदर्शन भी होंगे. फेस्टिवल के बारे में जानकारी देते हुए प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुकेश मीणा ने बताया कि प्रेस क्लब के इतिहास में यह साहित्य उत्सव पहली बार आयोजित हो रहा है. इस फेस्टिवल का मुख्य उद्देश्य प्रतिभाशाली युवा सर्जकों और पत्रकारों को मंच देने के साथ-साथ साहित्य और पत्रकारिता के संबंधों को मजबूत करना, पत्रकारिता के सामने आने वाली AI (ए आई)की चुनौतियों पर चर्चा करना और समाज में निरंतर खत्म होते विचार चर्चा को बढ़ावा देना है।

लिटरेचर फेस्टिवल के डायरेक्टर और देश के वरिष्ठ रंगकर्मी अशोक राही ने कहा कि यह फेस्टिवल किसी खास विचार,समूह और वाद से मुक्त होकर आज के जीवन की चुनौतियां और पत्रकारिता पर गहन चर्चा करेगा. फेस्टिवल में राजनीति, पत्रकारिता, साहित्य, पर्यावरण, नाटक, आदिवासी चिंतन,शिक्षा,लोकनाट्य,जीवन संघर्ष अर्थशास्त्र के विभिन्न मुद्दों पर बातचीत होंगी. इस लिटरेचर फेस्टिवल में दर्शकों और युवाओं का प्रवेश निशुल्क रहेगा। सम्मेलन में अर्थशास्त्री प्रोफेसर सुरेश दैमन लंदन से, कत्थक गुरु चरण गिरधर चांद सिंगापुर से आ रहे हैं।
इस प्रेस वार्ता में क्लब के अध्यक्ष मुकेश मीणा, महासचिव मुकेश चौधरी, कार्य समिति के सदस्यों,फेस्टिवल डायरेक्टर अशोक राही, संयोजक रमेश शर्मा,वरिष्ठ पत्रकार पुरुषोत्तम सैनी, एल एल शर्मा, नीरज मेहरा, रचनाकार भगवान कृपलानी, वरिष्ठ उद्घोषिका सुषमा शर्मा, कवि नवल पांडे,कविता मुखर सहित युवा रंगकर्मी चारु भाटिया, डॉक्टर प्रेरणा, नितिन सैनी, पिंक सिटी प्रेस क्लब कार्यकारणी सदस्य , मोनिका शर्मा उपाध्यक्ष, मणिमाला ज्ञानेंद्र मिश्रा, उमंग माथुर, निखिलेश शर्मा,विकास आर्य सहित अनेक रचनाकार और रंगकर्मी मौजूद थे. इस मौके पर लिटरेचर फेस्टिवल के एक बहुरंगी पोस्टर का भी लोकार्पण किया गया।
