नई दिल्ली। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने मुंबई इंडियंस (MI) को 18 रनों से हराते हुए IPL 2024 का अंत जीत के साथ किया है। 14 में से 10 मैच गंवाते हुए MI अंक तालिका में अंतिम स्थान पर रही तो वहीं LSG ने 14 में सात मैच जीते और सात में ही उन्हें हार भी मिली। सीज़न के अपने अंतिम मैच में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए LSG ने 214/6 का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में MI की टीम 196/6 का स्कोर ही बना सकी।
LSG के लिए इस मैच के सबसे बड़े हीरो निकोलस पूरन रहे जिन्होंने केवल 19 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया था। पूरन जब क्रीज़ पर आए थे तब LSG का स्कोर 9.3 ओवर में 69/3 था। दूसरे छोर पर केएल राहुल जमे हुए थे, लेकिन वह काफ़ी धीमी बल्लेबाज़ी कर रहे थे। पूरन ने पहली गेंद से ही आक्रमण शुरू कर दिया और केवल 29 गेंदों में 75 रन बना डाले। उनकी पारी में आठ छक्के और पांच चौके शामिल रहे। पूरन की पारी की बदौलत ही LSG ने 200 के स्कोर को पार किया था। इसके बाद गेंद से दोनों स्पिनर्स रवि बिश्नोई और क्रुणाल पांड्या ने गज़ब का काम किया। दोनों ने मिलकर आठ ओवर में केवल 66 रन खर्च किए और तीन अहम विकेट चटकाए। बिश्नोई ने रोहित शर्मा और नेहाल वढेरा के विकेट चटकाए तो वहीं क्रुणाल को सूर्यकुमार यादव का विकेट मिला।
12 ओवर में LSG का स्कोर 93/3 था और पूरन ने सात गेंदों में आठ रन बनाए थे। दूसरे छोर पर राहुल 33 गेंदों में 40 रन बनाकर खेल रहे थे। 13वां ओवर लेकर आए अंशुल कंबोज की पहली गेंद पर पूरन ने चौका लगाया। अगली गेंद डॉट रही और फिर उसके बाद वाली गेंद वाइड थी। पूरन ने ओवर की तीसरी गेंद पर चौका और फिर चौथी और पांचवीं गेंदों पर लगातार दो छक्के लगाए। कुल मिलाकर इस ओवर से 22 रन आए और यहीं से मैच घूमने लगा था। इसके अगले ओवर में दो छक्कों समेत पूरन ने 15 रन बटोरे। पारी के 15वें ओवर में कुल 29 रन आए जिसमें चार छक्के और एक चौका शामिल रहे थे। MI के कप्तान हार्दिक पांड्या से एक चूक यह भी हुई कि उन्होंने लगातार कसी हुई गेंदबाज़ी कर रहे स्पिनर्स को पूरन के आते ही हटा दिया था। पूरन ने सेट होने के बाद अनुभवहीन तेज़ गेंदबाज़ों की जमकर खबर ली।
इस मैच की अहमियत वैसे तो बहुत अधिक नहीं थी और यह केवल दोनों टीमों के लिए एक अच्छे समापन का मौक़ा था। दुर्भाग्य से MI को अपने घर में ही सीज़न के अंतिम मैच में भी हार झेलनी पड़ी। पिछले तीन सीज़न में यह दूसरी बार है जब MI ने सीज़न का अंत अंतिम स्थान पर रहते हुए किया है।
LSG से हारने के बाद अंतिम स्थान पर रहते हुए ख़त्म हुआ मुंबई इंडियंस के लिए सीज़न
