युवाओ को उद्यमिता से जोड़कर आर्थिक सशक्तिकरण का आव्हान
जयपुर। तीर्थराज पुष्कर में आयोजित विप्र फाउंडेशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए राष्ट्रीय परिषद ने सुप्रसिद्ध उद्यमी एवं समाजसेवी डॉ. विजय बासोतिया को विप्र चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (ViCCI) का राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत किया है।
इस अवसर पर देशभर से आए पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने डॉ. विजय बासोतिया के चयन का जोरदार स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में ViCCI समाज की आर्थिक शक्ति को एक नई दिशा देगा।
उल्लेखनीय है कि ViCCI, विप्र फाउंडेशन का आर्थिक प्रकोष्ठ है, जिसका उद्देश्य समाज के उद्यमियों, उद्योगपतियों और नवोदित व्यवसायियों को एक साझा मंच प्रदान करना है। यह मंच व्यापारिक सहयोग, निवेश के अवसर, मार्गदर्शन और नेटवर्किंग के माध्यम से छोटे एवं मध्यम उद्यमियों को बड़े औद्योगिक समूहों से जोड़ने का कार्य करता है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में उपस्थित वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में आर्थिक आत्मनिर्भरता और उद्यमिता ही समाज की वास्तविक शक्ति है और ViCCI इस दिशा में एक सशक्त सेतु के रूप में कार्य कर रहा है।
बैठक में देशभर में ViCCI के नए चैप्टर स्थापित करने, युवा उद्यमियों को जोड़ने तथा व्यापारिक सहयोग को व्यापक बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
नव मनोनीत राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ . विजय बासोतिया ने इस अवसर पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दायित्व केवल एक पद नहीं बल्कि समाज की आर्थिक शक्ति को जागृत करने का एक मिशन है। उन्होंने कहा कि ViCCI के माध्यम से समाज में उद्यमिता की नई चेतना विकसित की जाएगी और युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश में आज उद्योग, स्टार्टअप और नवाचार को लेकर अनेक सरकारी योजनाएं उपलब्ध हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में समाज के कई युवा उनका लाभ नहीं ले पाते। ViCCI का प्रयास रहेगा कि हर नए उद्यमी को सही मार्गदर्शन, प्रशिक्षण, मेंटरशिप और नेटवर्क उपलब्ध कराया जाए ताकि वह आत्मविश्वास के साथ अपना व्यवसाय स्थापित कर सके।
डॉ. बासोतिया ने कहा कि संगठन देशभर के उद्यमियों को एक मजबूत आर्थिक परिवार के रूप में जोड़ते हुए व्यापारिक सहयोग, निवेश साझेदारी, उद्यम कार्यशालाओं और संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी पदाधिकारियों, उद्योगपतियों और युवा उद्यमियों के सामूहिक प्रयास से ViCCI समाज की आर्थिक प्रगति और आत्मनिर्भरता का एक शक्तिशाली माध्यम बनेगा।
ViCCI के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने डॉ. विजय बासोतिया
