व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक तस्वीरें भेजकर युवती के पिता से पैसों की मांग कर रहा था आरोपी
जयपुर। बाड़मेर जिला पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना के निर्देश पर कोतवाली पुलिस टीम ने एआई (AI) ऐप्स का उपयोग कर युवती की तस्वीरों को एडिट करके अश्लील सामग्री बनाने और व्हाट्सएप पर भेजकर ब्लैकमेल करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
एसपी मीना ने बताया कि 15 अगस्त को बाड़मेर शहर निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक अज्ञात नंबर (+243897037904) से उसकी बेटी की तस्वीरों को एडिट करके बनाए गए 10-15 अश्लील वीडियो और फोटो भेजे जा रहे थे। अज्ञात आरोपी इन आपत्तिजनक सामग्री को भेजकर उन्हें डरा-धमका रहा था और अवैध रूप से रुपयों की मांग कर रहा था। इस संबंध में पुलिस थाना कोतवाली में प्रकरण बीएनएस व आईटी एक्ट में दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी बलभद्रसिंह के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने तकनीकी सहायता का उपयोग करते हुए अज्ञात व्हाट्सएप नंबर की डिटेल और आईपी एड्रेस का विश्लेषण किया।
गहन जांच के बाद आरोपी की पहचान देरावर सिंह पुत्र भेराराम (27) निवासी बईया, झिन्झलियाली हाल इन्द्रानगर बाड़मेर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से अपराध में उपयोग किया गया मोबाइल फोन भी जब्त किया है। इस कार्रवाई में कांस्टेबल दामोदर कुमार की विशेष भूमिका रही।
AI ऐप से फोटो एडिट कर अश्लील सामग्री बनाने वाला युवक गिरफ्तार
