जयपुर। नगर निगम ग्रेटर ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में शत-प्रतिशत नगरीय विकास कर एवं विज्ञापन शुल्क की वसूली के लिए अभी से ही कमर कस ली है। इसके लिए सभी जोन में 15 मई 2025 से 31 जनवरी 2026 तक वार्डवार समग्र सर्वे कैंप आयोजित किए जायेंगे। नगर निगम ग्रेटर आयुक्त रूकमणि रियाड़ ने सोमवार को समग्र सर्वे कैंप के आयोजन के संबंध में जोन उपायुक्तगण तथा राजस्व अधिकारियों की बैठक ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। बैठक में अतिरिक्त आयुक्त सीमा कुमार, उपायुक्त राजस्व (प्रथम) अशोक कुमार शर्मा सभी जोन उपायुक्त, राजस्व अधिकारी, सहायक राजस्व अधिकारी, संबंधित फर्म के प्रतिनिधि मौजूद रहे। आयुक्त ने बताया कि नगर निगम ग्रेटर क्षेत्राधिकार में स्थित सभी संपत्ति धारकों से नियमानुसार शत-प्रतिशत नगरीय विकास कर एवं विज्ञापन शुल्क वसूल करने के लिए सभी संपत्तियों का सर्वे, रीसर्वे, अपडेशन, आपत्ति निराकरण, बिल वितरण, जिओटैगिंग तथा वसूली के लिए 15 मई 2025 से 31 जनवरी 2026 तक सभी जोन में वार्डवार समग्र सर्वे कैंप आयोजित किए जायेंगे। इसके साथ ही आयुक्त ने अवैध हॉर्डिंग, बैनर, पोस्टर पर नाराजगी जाहिर करते हुए समस्त जोन कार्यालयों में 12 मई 2025 से 31 मई 2025 तक विशेष अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए।
समग्र सर्वे कैंप का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड से शत-प्रतिशत राजस्व वसूली करना है। कैंप में संपूर्ण संपत्तियों का सर्वे, रीसर्वे, अपडेशन, आपत्ति निराकरण, बिल वितरण, जिओटैगिंग जैसे कार्य किए जायेंगे। यह कैंप प्रत्येक वार्ड में 15-15 दिन के अंतराल से आयोजित किए जायेंगे। कैंप का समय प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक रहेगा। कैंप के प्रथम चरण की शुरूआत 15 मई 2025 से होगी। जिसके अंतर्गत प्रत्येक जोन में कैंप लगाया जाएगा।
यहाँ लगाए जायेंगे प्रथम चरण के कैंप
मुरलीपुरा जोन के वार्ड 1 में सनसिटी जी-मार्ट परिसर, विद्याधर नगर जोन के वार्ड संख्या 21 में पार्षद कार्यालय रोड नं. 25, झोटवाड़ा जोन के वार्ड संख्या 43 में पार्षद कार्यालय रोड नं. 43 निवारू रोड, मानसरोवर जोन के वार्ड संख्या 65 में तेजाजी का चौक भाँकरोटा, साँगानेर जोन के वार्ड 86 में पब्लिक पार्क तरूछाया नगर, जगतपुरा जोन के वार्ड संख्या 104 में पार्षद कार्यालय साँगानेर, मालवीय नगर जोन के वार्ड संख्या 125 में गोकुल वाटिका पार्क(पानी की टंकी) में आयोजित किए जायेंगे।
सर्वे कैंप हेतु आवश्यक दस्तावेज
समस्त संपत्ति धारकों को अपनी संपत्ति से संबंधित आवश्यक दस्तावेज, बिल, आपत्ति आदि लाने होंगे। बकाया नगरीय विकास कर एवं गृहकर की जानकारी तथा बकाया राशि का ऑनलाइन भुगतान घर बैठे ही वेबसाइट www.rajmunicipal.com पर कर सकते हैं। इसके साथ ही अधिकृत फर्म स्पैरोसॉफ्टटैक प्राइवेट लिमिटेड के टोल फ्री नंबर 1800-572-8545 पर फोन कर संग्रहणकर्त्ता को घर बुलाकर बकाया राशि चैक के माध्यम से भी जमा करा सकते हैं। इसके साथ ही संपत्ति धारक नगरीय विकास कर के बिल पर दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर किसी भी यूपीआई के माध्यम से नगरीय विकास कर का भुगतान कर सकते हैं। इसके साथ ही नगरीय विकास कर दाताओं द्वारा यदि 30 जून से पहले राशि जमा कराई जाती है तो चालू वित्त वर्ष में 10 प्रतिशत छूट भी दी जाएगी।
31 मई 2025 तक विशेष अभियान चलाकर हटाए जायेंगे अवैध हॉर्डिंग, बैनर, पोस्टर
