जयपुर। नगर निगम ग्रेटर की अग्निशमन शाखा द्वारा राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह (14 अप्रैल से 20 अप्रैल) के उपलक्ष्य में सोमवार को वी.के.आई. फायर स्टेशन पर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। सप्ताह के शुभारंभ के अवसर पर 14 अप्रैल को अग्निशमन सेवा दिवस भी मनाया गया।
1944 में इसी दिन मुंबई में हुए भीषण अग्निकांड के दौरान शहीद हुए 66 अग्निशमन कर्मियों की स्मृति में यह दिवस मनाया जाता है। कार्यक्रम की शुरुआत में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस सप्ताह के दौरान व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य आमजन को आग से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना है। उनके निर्देश पर विभिन्न स्थानों पर रैलियों और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इस अवसर पर फायर चेयरमैन पारस जैन भी उपस्थित रहे उन्होंने सभी अग्निशमन कर्मियों का उत्साहवर्धन किया और उनके कार्यों की सराहना की। श्री पारस जैन ने आश्वस्त किया कि आने वाले समय में अग्निशमन सेवाओं को और अधिक आधुनिक बनाया जाएगा तथा नई सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे आपात स्थितियों से निपटने की क्षमता और सुदृढ़ हो सके।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौतम लाल ने बताया कि अभियान के अंतर्गत आमजन को आग लगने की स्थिति में किए जाने वाले प्राथमिक बचाव कार्यों के बारे में जानकारी दी जा रही है। इस उद्देश्य से एक पंपलेट भी जारी किया गया है, जिसमें बचाव के उपायों के साथ-साथ सभी अग्निशमन केंद्रों के संपर्क नंबर भी शामिल हैं। कार्यक्रम के तहत सोमवार को एक जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें लोगों को फायर सेफ्टी के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
20 अप्रैल तक मनाया जाएगा राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह
