बन्द बॉडी केन्टर सहित 1260 किलो डोडा पोस्त जब्त, आरोपी गिरफ्तार
जयपुर/चूरू। चूरू जिले में डीएसटी एवं थाना सरदारशहर पुलिस की टीम ने नाकाबंदी में संयुक्त कार्रवाई कर एक बंद बॉडी ट्रक केन्टर से 1260 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त छिलका जप्त कर आरोपी ड्राइवर सुरेश कुमार नायक पुत्र राजकुमार (36) निवासी कालवास थाना आजादनगर (जिला हिसार), हरियाणा को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपए है।
एसपी जय यादव ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र दादरवाल व सीओ अनिल माहेश्वरी के सुपरविजन एवं एसएचओ अरविंद कुमार के नेतृत्व में थाना सरदारशहर के एसआई मंगू राम मय टीम व डीएसटी प्रभारी वीरेंद्र कुमार एसआई मय टीम द्वारा राणासर बीकान मेगा हाईवे रोड से रतनगढ़ पर नाकाबंदी कर सन्दिग्ध वाहनों की चैकिंग की जा रही थी।
इसी दौरान एक हरियाणा नंबर के संदिग्ध ट्रक केन्टर को रोक तलाशी ली गई। ट्रक में रखें प्लास्टिक के कट्टों से कुल 1260 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त का छिलका बरामद किया गया। जिसे जब्त कर एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आरोपित सुरेश कुमार नायक को गिरफ्तार किया गया है। जिससे पुलिस की टीम मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त एवं उनके नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
हरियाणा नंबर के ट्रक केन्टर से 2 करोड़ 50 लाख रुपए कीमत का डोडा पोस्त छिलका बरामद
