नई दिल्ली। संसद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज एनडीए सरकार के गठन के बाद अपना पहला अभिभाषण दिया। राष्ट्रपति ने कहा कि पूरी दुनिया में भारत के लोकसभा चुनाव की चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि ये लोकसभा भारत की नई ऊंचाई की गाथा लिखेगी।
इस बीच इसको लेकर राजनीति भी तेज हो गई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आबकारी नीति मामले में तीन दिन की सीबीआई रिमांड पर भेजे जाने के बाद आम आदमी पार्टी ने संसद के संयुक्त सत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के संबोधन का बहिष्कार करने का एलान किया है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि इस बार के बजट में लोगों को कई बड़े आर्थिक और सामाजिक फैसले दिखेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार कई ऐतिहासिक कदम उठाने जा रही है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि भारत के प्रति दुनिया का नजरिया अब बदल चुका है। उन्होंने कहा कि इसे हमने इटली में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन में भी देखा है। भारत ने G20 की अध्यक्षता के दौरान दुनिया को कई मुद्दों पर एकजुट किया है। भारत की अध्यक्षता के दौरान ही अफ्रीकी संघ को G20 का 27वां सदस्य बनाया गया है। इससे अफ्रीकी महाद्वीप के साथ-साथ पूरे ग्लोबल साउथ का विश्वास मजबूत हुआ है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि आज हमारे युवाओं को खेलों में भी नए अवसर मिल रहे हैं। मेरी सरकार के प्रभावी प्रयासों के परिणामस्वरूप भारत के युवा एथलीट अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर रिकॉर्ड संख्या में पदक जीत रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ ही दिनों में पेरिस ओलंपिक शुरू होने वाला है, हमें भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले सभी एथलीटों पर गर्व है। मैं उन्हें अपनी शुभकामनाएं देती हूं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने अभिभाषण में पेपर लीक का भी जिक्र किया। मुर्मु ने कहा कि इसकी निष्पक्ष जांच की जाएगी। राष्ट्रपति मुर्मु ने संसद को संबोधित करते हुए कहा कि आपातकाल संविधान पर सीधे हमले का सबसे बड़ा और काला अध्याय था। उन्होंने इसकी कड़ी निंदा की।
राष्ट्रपति ने कहा कि सरकारी योजनाओं की वजह से ही पिछले 10 वर्षों में 25 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं। मुर्मु ने आगे कि मेरी सरकार दिव्यांग भाई-बहनों के लिए किफायती और स्वदेशी सहायक उपकरण विकसित कर रही है। मेरी सरकार श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को एकीकृत कर रही है। डिजिटल इंडिया और डाकघरों के नेटवर्क का उपयोग करके दुर्घटना और जीवन बीमा का कवरेज बढ़ाने के लिए काम किया जा रहा है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आगे कहा कि विकसित भारत का निर्माण तभी संभव है जब देश के गरीब, युवा, महिलाएं और किसान सशक्त होंगे। इसलिए मेरी सरकार द्वारा उन्हें सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। मुर्मु ने कहा कि हमारा लक्ष्य उन्हें हर सरकारी योजना का लाभ पहुंचाना है। भारत इस इच्छाशक्ति के साथ काम कर रहा है कि एक भी व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि मेरी सरकार ने पीएम किसान सम्मान निधि के तहत देश के किसानों को 3.20 लाख करोड़ रुपये प्रदान किए हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार के नए कार्यकाल की शुरुआत से अब तक 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि किसानों को हस्तांतरित की जा चुकी है। सरकार ने खरीफ फसलों के MSP में भी रिकॉर्ड बढ़ोतरी की है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने संसद के दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि देश में छह दशक के बाद लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत वाली स्थिर एनडीए सरकार बनी है। लोगों ने तीसरी बार इस सरकार पर भरोसा जताया है। लोग जानते हैं कि केवल यही सरकार उनकी आकांक्षाओं को पूरा कर सकती है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आगे कहा कि सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन के संकल्प ने भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना दिया है। 10 वर्षों में भारत 11वें स्थान से उठकर 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। दुनिया के विभिन्न हिस्सों में महामारी और संघर्षों के बावजूद भारत इस विकास दर को हासिल करने में सक्षम रहा है।
संसद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दिया अभिभाषण: आपातकाल संविधान पर सबसे बड़ा हमला थाः मुर्मु
