उपायुक्तों की रैंकिंग के आधार पर मापी जाएगी परफॉर्मेंस
बजट घोषणाओं का समयबद्ध रूप से धरातल पर हो क्रियान्वयन
जयपुर। स्वायत्त शासन विभाग के शासन सचिव रवि जैन ने नगर निगम ग्रेटर मुख्यालय पर मंगलवार को सभी जोन एवं मुख्यालय उपायुक्तों, मुख्यालय अधिशासी अभियंता एवं अन्य अधिकारियों की मैराथन बैठक ली। करीब 2 घंटे से भी अधिक चली मैराथन बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था, जीवीपी पॉइंट का सौंदर्यीकरण, ऑनलाइन सेवाओं की पेंडेंसी, राजस्थान संपर्क पोर्टल पर लंबित शिकायतों का निस्तारण, बजट घोषणाओं का क्रियान्वयन, वृक्षारोपण समेत विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान निदेशक प्रतीक जुईकर, उपनिदेशक क्षेत्रीय विनोद राजपुरोहित, आयुक्त डॉ॰ गौरव सैनी, अतिरिक्त आयुक्त सीमा कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
शासन सचिव रवि जैन ने कहा कि सफाई पर मुख्यतः फोकस किया जाना चाहिए। स्वच्छ सर्वेक्षण – 2025 में पहले पायदान पर रहे इस दिशा में अभी से ही मिशन मोड पर कार्य करना होगा। सभी जोन डीसी निरंतर फील्ड में जायें, आमजन की शिकायतों का निस्तारण करने का प्रयास करें, बजट घोषणाओं का समयबद्ध रूप से क्रियान्वयन करें। साथ ही जो कार्य ऑनलाइन हो चुके हैं, उन्हें ऑनलाइन ही किया जावे तथा ई-फाइल डिस्पोज़ल टाइम भी 5 घंटे से ज्यादा नहीं होना चाहिए।
शासन सचिव ने सभी जोन डीसी को टास्क दिया कि आगामी दिनों में रात को 8 बजे से 10 बजे तक फील्ड में जायें। मुख्य मार्गों पर बंद पड़ी लाईटों का औचक निरीक्षण करें और उन लाईटों को ठीक करवायें। रवि जैन ने कहा कि सभी जोन उपायुक्तों की विभिन्न मापदंडों जैसे स्वच्छता, ऑनलाइन शिकायतों का निस्तारण, अस्थायी अतिक्रमणों पर कार्रवाई जैसे अन्य बिंदुओं पर रैंकिंग भी शुरू की जाए जिससे प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और कार्यों में तेजी आयेगी।
शासन सचिव रवि जैन ने कहा कि सभी जीवीपी पॉइंट्स (ओपन कचरा डिपो) समाप्त किये जायें तथा निरंतर मॉनिटरिंग की जाए। दोषी व्यक्तियों पर कार्रवाई करें, उनसे जुर्माना वसूलें। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना, वृक्षारोपण, स्ट्रीट लाईट्स, पट्टों के प्रकरण, अस्थायी अतिक्रमणों, उद्यानों की मरम्मत एवं रखरखाव, राजस्थान संपर्क पोर्टल सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश गए।
शासन सचिव रवि जैन ने ली समीक्षा बैठक: जोन उपायुक्तों को दिए फील्ड में जाकर सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश
