जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र कटारा आज धौलागढ़ प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने धौलागढ़ प्रांगण नीचे स्थित जांगिड़ धर्मशाला में आयोजित होली मिलन समारोह एवं आभार कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रवक्ता कटारा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान तेज गति से विकास के पथ पर अग्रसर है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है तथा आर्थिक सुधार और सुशासन के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भजनलाल सरकार निरंतर विकसित राजस्थान की दिशा में आगे बढ़ रही है । प्रदेश की अर्थव्यवस्था का आकार 41.39 प्रतिशत बढ़कर 21 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है तथा प्रति व्यक्ति आय 1.68 लाख से बढ़कर 2.02 लाख के पार पहुँचने का अनुमान है।
प्रवक्ता ने कहा कि भजनलाल सरकार सदैव युवा हितैषी रही है । ईमानदार और मेहनती युवाओं के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की तर्ज पर राजस्थान टेस्टिंग एजेंसी की स्थापना का महत्वपूर्ण प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत 10 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण व अनुदान दिया जाएगा, जिससे लगभग 30 हजार युवाओं को लाभ मिलेगा। इसके साथ ही जलदाय विभाग में 3 हजार संविदा कर्मियों की नियुक्ति की घोषणा भी की गई है।
प्रवक्ता कटारा ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में रूरल वीमेन बीपीओ स्थापित किए जाएंगे, जिन पर 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं मुख्यमंत्री लखपति दीदी योजना के अंतर्गत ऋण सीमा को 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 1.50 लाख रुपये किया गया है। राजीविका के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए सभी संभागीय मुख्यालयों पर राजसखी स्टोर भी खोले जाएंगे। साथ ही 25 हजार युवाओं को मिनी ई-मित्र के रूप में अधिकृत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आज के युग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एक अनिवार्य आवश्यकता बन चुकी है। इसी दृष्टि से बजट 2026 में 30 करोड़ रुपये की लागत से नए AI टेक्नो हब विकसित किए जाएंगे, जिससे रोजगार, नवाचार और स्टार्ट-अप संस्कृति को नई गति मिलेगी। जोधपुर में मेजर शैतान सिंह कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की जाएगी तथा प्रत्येक जिले में इंडस्ट्री पार्टनर के सहयोग से प्रशिक्षण केंद्र खोले जाएंगे, जिससे युवाओं को आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी।
कटारा ने कहा कि भजनलाल सरकार ने युवाओं से किए गए वादों को पूरा किया है। अल्प समय में ही प्रदेश में 1 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियाँ दी जा चुकी हैं तथा लगभग 1.50 लाख से अधिक भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं। इसके साथ ही 1 लाख से अधिक सरकारी नियुक्तियों का कैलेंडर भी जारी किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि भजनलाल सरकार विकास के साथ-साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए भी प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में सभी भक्तजनों एवं जनता की मांग पर धौलागढ़ माता मंदिर प्रांगण के मरम्मत एवं निर्माण कार्य हेतु बजट 2026-27 में 1 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यह निर्णय भजनलाल सरकार की आस्था, सांस्कृतिक विरासत और श्रद्धालुओं की सुविधा के प्रति संवेदनशीलता का सशक्त प्रमाण है।
नरेंद्र कटारा ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए समस्त क्षेत्र वासियों एवं भक्तजनों की ओर से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया । इस अवसर पर कठूमर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रमेश खींची ने भी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भजनलाल सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने धौलागढ़ माता मंदिर प्रांगण के विकास के लिए 1 करोड़ रुपये के प्रावधान एवं विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों हेतु बजट घौषणाओं के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित किया।
आयोजन में भाजपा नेता पंकज कटारा, मंडल अध्यक्ष विक्रम शर्मा, आचार्य कपिल, विशम्बर दयाल ,मंजू शर्मा कन्हैयालाल पंडा कैलाश शर्मा, मुकट बिहारी चांदपुर, नरेश जेमन धोड्या पंडित रामचरन यादव सरपंच नेमीचंद,अरविन्द मास्टर जी विन्ना मसारी सहित भक्तगण और कार्यकर्ता उपस्थित रहे |
“विरासत भी–विकास भी” प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प को सशक्त बना रहे हैं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा: नरेंद्र कटारा
