कनिष्ठ अभियंता और कनिष्ठ रसायनज्ञ के कुल 271 पदों पर भर्ती के लिए 11 और 12 अप्रैल को हुई थी ऑनलाइन परीक्षा
जयपुर। राज्य के पाँच विद्युत निगमों में कुल 487 पदों के लिये प्रारम्भ की गई भर्ती प्रक्रिया के प्रथम चरण में अभियन्ता संवर्ग के कुल 271 पदों के लिये 11 और 12 अप्रैल 2025 को आयोजित ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षा का परिणाम शनिवार को जारी कर दिया गया है। परिणाम जारी किए गए अभियन्ता संवर्ग के कुल 271 पदों में कनिष्ठ अभियन्ता (इलेक्ट्रिकल) के 228 पद, कनिष्ठ अभियंता (मैकेनिकल) के 25 पद, कनिष्ठ अभियन्ता (सी एण्ड आई/कम्युनिकेशन) के 11 पद, कनिष्ठ अभियन्ता (फायर एंड सेफ्टी) के 2 पद और कनिष्ठ रसायनज्ञ के 5 पद शामिल हैं।
परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को 26 से 29 अप्रैल तक चम्बल रेस्ट हाऊस, हवा सड़क, सोडाला पुलिस थाने के पास, जयपुर में दस्तावेजों के सत्यापन हेतु बुलाया गया है। ऑनलाइन परीक्षा के एक सप्ताह की अल्प अवधि में ही अभियंता संवर्ग के पदो का परिणाम जारी कर ऊर्जा विभाग एवं पांचों विद्युत निगमों की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है।
अभ्यर्थी अपने प्राप्तांक, उक्त में से किसी भी निगम की वेबसाइट पर देख सकते हैं। परिणाम जारी होने की सूचना समस्त अभ्यार्थियों को उनके मोबाइल नम्बर पर संदेश (एसएमएस) द्वारा दे दी गई है। सफल अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन हेतु वेबसाइट से काॅल लेटर डाऊनलोड करने की सूचना उनके द्वारा दिए गए मोबाईल नम्बर एवं ई-मेल पर भी दी गयी है। दस्तावेज सत्यापन हेतु अभ्यर्थियों को समस्त मूल प्रमाण पत्र मय फोटो प्रति साथ लाने हेतु निर्देशित किया गया है। विद्युत निगमों में भर्ती संबंधी हेल्पलाइन डेस्क 9414056655 पर संपर्क करके भर्ती संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
विद्युत निगमों में अभियंता संवर्ग की भर्ती परीक्षा का परिणाम जारी
