जयपुर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने सीकर प्रवास के दौरान प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, मेरा युवा भारत व भारत सरकार की तरफ से लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर जिला स्तरीय पदयात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में सीकर में 31 अक्टूबर को पदयात्रा निकाली जाएगी। सीकर की पदयात्रा में वे स्वयं भी शामिल होंगे। सीकर में पदयात्रा तात्या टोपे पार्क से प्रारंभ होगी, जो जाट बाजार, बावड़ी गेट, घंटाघर, दूजोद गेट होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पदयात्राएं निकालने का मुख्य उद्देश्य युवाओं में एकता, देश भक्ति और कर्तव्य भावना को जागृत करना है। जिस तरह से लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने बिखरे हुए भारत को एक श्रेष्ठ भारत बनाया, उसी भावना को यह पदयात्रा आगे बढ़ाएगी। सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर यह पदयात्राएं संपूर्ण भारत में निकाली जा रही है। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन भागीदारी से राष्ट्र निर्माण के विजन से प्रेरित है। इस पदयात्राओं में खासकर अमृत पीढ़ी यानी आज के युवाओं की भूमिका पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिले स्तर पर पदयात्रा निकालने के बाद प्रत्येक विधानसभा में भी करीब 10 किलोमीटर की पदयात्राएं निकाली जाएगी। पदयात्राओं में सभी राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि, स्थानीय प्रशासन के अधिकारी व कर्मचारी, मेरा भारत एनएसएस, स्काउट, एनसीसी सहित कई संस्थाएं भाग लेंगी। प्रेसवार्ता में देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष व प्रदेश महामंत्री ओमप्रकाश भडाणा, जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़, पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी, किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष हरिराम रणवां मौजूद रहे।
लौह पुरूष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर जिला स्तर पर निकलेगी पदयात्राएं- राठौड़
