जयपुर। राजस्थान रॉयल्स ने आज आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 सीज़न के लिए जयपुर में अपने पहले प्री-सीजन ट्रेनिंग कैंप की शुरुआत की घोषणा की। मंगलवार, 17 मार्च 2026 से टीम का स्क्वाड पिंक सिटी में एकत्र होगा, जहां सवाई मानसिंह स्टेडियम में ट्रेनिंग, फिटनेस और नेट सत्रों के साथ कैंप की शुरुआत होगी।
हेड कोच और डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट कुमार संगकारा के मार्गदर्शन में यह कैंप टीम बॉन्डिंग, गहन अभ्यास और रणनीतिक योजना पर केंद्रित रहेगा। इसके साथ ही खिलाड़ियों के लिए स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
इससे पहले खिलाड़ियों के एक छोटे समूह — रवि बिश्नोई, वैभव सूर्यवंशी, संदीप शर्मा और हाल ही में टीम से जुड़े रविंद्र जडेजा — ने फ्रेंचाइज़ी के नागपुर स्थित हाई परफॉर्मेंस सेंटर में एक छोटे कैंप और फिटनेस असेसमेंट सत्र में हिस्सा लिया था। जयपुर कैंप इस सीज़न से पहले पहली बार होगा जब टीम का पूरा स्क्वाड, जिसमें नए खिलाड़ी जडेजा और सैम करन भी शामिल हैं, एक साथ अभ्यास करेगा।
आईपीएल गवर्निंग काउंसिल द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, फ्रेंचाइज़ी 26 मार्च 2026 को गुवाहाटी के लिए रवाना होने की संभावना है, जहां 30 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ सीज़न का पहला मुकाबला खेला जाएगा।
राजस्थान रॉयल्स 17 मार्च से जयपुर में प्री-सीजन ट्रेनिंग कैंप शुरू करेगी
