जयपुर। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार राजस्थान में गुरुवार से मौसम बदलेगा। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 27-28 नवंबर को प्रदेश के कुछ भागों में बादल छाए रहने व मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आज राजस्थान के इन जिलों में मौसम का मिजाज बदलेगा। मौसम विभाग के अनुसार जालोर, सिरोही, पाली, उदयपुर, राजसमंद, भीलवाड़ा और अजमेर जिलों में बादल छा सकते हैं। इसके साथ ही कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं।
मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार कल 28 नवंबर को राजस्थान के दौसा, जयपुर, टोंक, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद और उदयपुर जिलों में भी बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। इस दौरान हवा की गति में भी उतार चढ़ाव रह सकता है।
प्रदेश में सर्दी एक बार फिर जोर पकड़ रही है। बीते एक दिन में शहरों में रात के तापमान में गिरावट आई है। बुधवार को फतेहपुर में रात का न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा वनस्थली में 9.3, अलवर में 6.5, पिलानी में 7.5, सीकर में 4, चूरू में 5.6, श्रीगंगानगर में 8.7, नागौर में 5.2, करौली में 7.1, दौसा में 6.5, लूणकरणसर में 4.5, झुंझुनूं में 7.2 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। हिल स्टेशन माउंट आबू में कल न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
राजस्थान के कई जिलों में बदलेगा मौसम का मिजाज, कहीं-कहीं हल्की बारिश और बूंदाबांदी के आसार
