नई दिल्ली। रियान पराग इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि वह कभी न कभी भारतीय टीम का हिस्सा बनेंगे। 22 वर्षीय खिलाड़ी ने IPL 2024 में राजस्थान रॉयल्स के साथ शानदार प्रदर्शन किया था, जहां उन्होंने 52.09 की औसत और 149.21 की स्ट्राइक रेट से 573 रन बनाए थे।
पराग ने कहा, “किसी न किसी समय, आपको मुझे चुनना होगा, है ना? तो यह मेरा विश्वास है कि मैं भारतीय टीम के लिए खेलने जा रहा हूं। मुझे वास्तव में यह परवाह नहीं है कि ऐसा कब होगा। जब मैं रन नहीं बना रहा था तब भी मैंने एक साक्षात्कार में यह कहा था कि मैं भारतीय टीम के लिए ज़रूर खेलूंगा।
“यह मेरा ख़ुद पर विश्वास है। ऐसा नहीं है कि मैं अहंकारी हो रहा हूं। जब मैंने 10 साल की उम्र से क्रिकेट खेलना शुरू किया था, तब से ही मैंने अपने पिता (पूर्व रेलवे और असम के खिलाड़ी पराग दास) के साथ यह योजना बनाई थी।”
टी20 विश्व कप के बाद भारत पांच टी20 मैच खेलने के लिए ज़िम्बाब्वे की यात्रा करेगा। उस सीरीज़ में पराग को मौक़ा दिया जा सकता है। पराग ने कहा, “चाहे अगली सीरीज़ में या फिर छह महीने या एक साल के बाद…मैं वास्तव में यह नहीं सोचता कि मुझे कब भारतीय टीम का हिस्सा बनना है। यह चयनकर्ताओं का काम है।”
इस IPL सीज़न से पहले पराग ने कभी भी 200 रनों के आंकड़े को पार नहीं किया था। हालांकि जब से उन्हें नंबर चार पर मौक़ा दिया गया, वह अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहे। अपने राज्य की टीम के लिए भी पराग इसी क्रम पर बल्लेबाज़ी करते हैं। पराग ने कहा, “आप ने IPL में मेरी जिस बल्लेबाज़ी शैली को देखा, मैं घरेलू क्रिकेट में भी ठीक इसी तरह की बल्लेबाज़ी करता हूं। मैं लगातार ख़ुद पर यह दबाव बनाता हूं कि मुझे अच्छा प्रदर्शन करना है। मैं हमेशा अच्छा प्रदर्शन करने की जिम्मेदारी को अपने साथ लेकर चलता हूं। इसी तरह से खेलते हुए, मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में सक्षम होता हूं।”
“मैं IPL में उस तरीक़े से नहीं खेल रहा था। मैं बहुत अधिक दबाव ले रहा था। ख़ुद से काफ़ी ज़्यादा उम्मीदें रख रहा था और बुनियादी चीज़ों को सही से नहीं कर रहा था। मैंने सोचा कि इस साल मुझे वैसा ही करना है। अपनी पसंदीदा स्थिति पर बल्लेबाज़ी करते हुए, मैंने ख़ुद से कहा, ‘मैं घरेलू क्रिकेट में यही काम करता हूं और IPL में भी मुझे वही करना है।”
मैं निश्चित रूप से भारतीय टीम का हिस्सा बनूंगा- रियान पराग
