जयपुर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजनान्तर्गत सत्र 2025-26 के लिए जारी मुख्य मेरिट सूची में चयनित अभ्यर्थियों को 10 जनवरी, 2026 तक कोचिंग संस्थाओं में आवश्यक रूप से उपस्थिति देनी होगी।
निदेशक एवं संयुक्त शासन सचिव आशीष मोदी ने बताया कि मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजनान्तर्गत सत्र 2025-26 के लिए जारी मुख्य मेरिट सूची में चयनित अभ्यर्थियों के लिए कोचिंग संस्थाओं में ज्वॉइनिंग की अंतिम तिथि 10 जनवरी, 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थी की एसएसओ आईडी पर प्रदर्शित कोचिंग संस्थान के प्रदर्शित कोचिंग सेन्टर पर निर्धारित तिथि तक अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं।
मोदी ने बताया कि योजना के अंतर्गत विभिन्न प्रोफेशनल कोर्स हेतु आयोजित प्रवेश परीक्षाओं एवं सरकारी नौकरियों के लिए आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी उत्कृष्ट ढंग से कराने एवं समान अवसर प्रदान करने के लिए सत्र 2025-26 हेतु विभाग द्वारा सूचीबद्ध कोचिंग संस्थाओं में निःशुल्क कोचिंग किये जाने हेतु इच्छुक अभ्यर्थियों से ऑनलाइन प्राप्त आवेदन पत्रों की सम्बधित विभागीय जिलाधिकारियों द्वारा जांच या सत्यापन उपरान्त अनुमोदित आवेदन पत्रों की प्रोविजनल मेरिट सूची जारी की गई थी। उन्होंने बताया कि सम्बंधित अभ्यर्थी की एसएसओ आईडी पर उसको आवंटित कोचिंग सस्थान में ज्वॉईन करना चाहता है तो Opt in, अगर ज्वॉईन नहीं करना चाहता है तो Opt out, जो अभ्यर्थी अपग्रेड चाहते है वे अपग्रेड, यदि अभ्यर्थी द्वारा कोई भी विकल्प का चयन नही किया जाता है तो उनकी कोचिंग संस्थान में ज्वॉइन करने की सहमति मानी गई है।
निदेशक ने बताया कि मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजनान्तर्गत अभ्यर्थियों द्वारा चुने गये विकल्प के अनुसार सत्र 2025-26 हेतु जारी की गई मुख्य मेरिट सूची विभागीय वेबसाइट www.sje.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध है।
मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना: मुख्य मेरिट सूची में चयनित अभ्यर्थियों को 10 जनवरी तक कोचिंग संस्थाओं में देनी होगी उपस्थिति
