मुंबई। महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार का निधन हो गया है। वे 66 साल के थे। बुधवार सुबह 8.45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान उनका चार्टर्ड प्लेन क्रैश हो गया। हादसे में अजित पवार के सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू मेंबर समेत 5 लोगों की जान गई है।
पहली कोशिश नाकाम रहने के बाद बारामती के रनवे-11 पर दोबारा लैंडिंग की कोशिश की गई। इसी दौरान विमान रनवे से फिसलकर क्रैश हो गया। इसके तुरंत बाद उसमें आग लग गई। यह भी जानकारी मिली है कि लैंडिंग के दौरान पायलट ने कोई इमरजेंसी सिग्नल नहीं दिया था। उसने ‘मेडे’ कॉल भी नहीं किया था। घटना के समय बारामती के फ्लाइंग क्लब में कोई विमान उड़ान पर नहीं था।
हादसे के समय अजित के चाचा शरद पवार मुंबई और सुप्रिया सुले दिल्ली में थे। जानकारी मिलते ही वे परिवार के साथ बारामती के लिए रवाना हो गए। कई रिश्तेदार और राजनीतिक समर्थक उनके मुंबई आवास के लिए रवाना हो गए हैं।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को अपने साथी उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत को दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि जिस विमान दुर्घटना में उनकी जान गई, उसकी जांच की जाएगी।
पवार महाराष्ट्र पंचायत चुनाव के लिए बारामती में जनसभा को संबोधित करने बारामती जा रहे थे। महाराष्ट्र एविएशन डिपार्टमेंट के सोर्सेस के मुताबिक विमान बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के लिए अप्रोच कर रहा था। पहली बार में पायलट को रनवे साफ दिखाई नहीं दिया तो वह विमान को दोबारा ऊंचाई पर ले गया। रिपोर्ट के अनुसार उस समय विजिबिलिटी करीब 2 हजार मीटर थी।
महाराष्ट्र डिप्टी CM अजित पवार का प्लेन क्रैश में निधन
