IPL में लगातार रन और छक्के रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बनाए जा रहे हैं। शुक्रवार को ईडन गार्डंस में पंजाब किंग्स (PBKS) ने कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) के ख़िलाफ़ रिकॉर्ड 262 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया, जो टी20 इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज़ है, जिसमें 144 रन तो केवल छक्कों से आ गए। इस मैच में कुल 42 छक्के लगे जो टी20 इतिहास के एक मैच में लगे सबसे अधिक छक्के हैं, तो PBKS ने एक पारी में सबसे अधिक 24 छक्के लगाने का भी रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।आधा मैच होने तक सुनील नारायण और फ़िल सॉल्ट में इस मैच के हीरो नज़र आ रहे थे, लेकिन मैच ख़त्म होते-होते PBKS के तीन हीरो निकलकर आए जो मेज़बान टीम के सभी गेंदबाज़ों पर भारी पड़ गए। पहले हीरो रहे प्रभसिमरन सिंह, जिन्होंने मात्र 20 गेंद में 54 रन बनाकर इस रन चेज़ की टोन सेट कर दी, जिसकी वजह से छह ओवर तक PBKS की टीम 93 रन तक पहुंच चुकी थी।कुछ मैच चोट के कारण बाहर रहने के बाद जॉनी बेयरस्टो में भी प्रभसिमरन ने जान डाल दी और पावरप्ले तक दूसरे छोर पर उनकी बल्लेबाज़ी का लुत्फ़ उठाने वाले बेयरस्टो ने उनके जाते ही कमान अपने हाथ में ले ली। वह ऑन साइड पर इतने लंबे छक्के लगा रहे थे कि हर गेंद मैदान से बाहर ही जा रही थी। उन्होंने 48 गेंद में नाबाद 108 रन की पारी खेली, जिसमें आठ चौके और नौ छक्के शामिल थे। क्लाइमेक्स में तीसरे हीरो शशांक सिंह आए जिन्होंने मात्र 28 गेंद में नाबाद 68 रन बना डाले, जिसमें दो चौके और आठ छक्के शामिल थे। बेयरस्टो और शशांक के बीच 37 गेंद में नाबाद 84 रन की साझेदारी हुई, जिसमें बेयरस्टो ने नौ गेंद में मात्र 15 रन बनाए।क्या रहा मैच का टर्निंग प्वाइंट?इस मैच का टर्निंग प्वाइंट प्रभसिमरन की पारी रही। 262 रन का पीछा करने के लिए एक अच्छी शुरुआत नहीं बल्कि एक तूफ़ानी शुरुआत की ज़रूरत होती है और प्रभसिमरन ने ऐसा ही करके दिखाया। पावरप्ले की आख़िरी गेंद पर आउट होने से पहले तक प्रभसिमरन मेज़बान टीम के गेंदबाज़ों की जमकर ख़बर ले रहे थे। उनकी इसी पारी के कारण PBKS छह ओवर में 93 रन बना सकी और यहीं से टीम को मूमेंटम मिल गया, जहां बाद में बेयरस्टो और शशांक ने टीम को जीत दिला दी।इस मैच का तात्पर्य क्या है?इस मैच का तात्पर्य यह है कि PBKS की टीम इस जीत के बाद अभी भी टूर्नामेंट में बनी हुई है। वहीं KKR इस हार के बाद भी अंक तालिका में दूसरे नंबर पर बनी हुई है। अब उनके आठ मैचों में पांच जीत के साथ दस अंक हैं। PBKS इस जीत के साथ आठवें नंबर पर आ गई है जबकि मुंबई इंडियंस नौवें नंबर पर खिसक गई है।
