एक आरोपित गिरफ्तार, कोर्ट में पेश कर जेल भेजा
जयपुर /बारां। थाना सदर इलाके में पार्वती नदी के किनारे स्थित प्रेम धाम हनुमान वाटिका आश्रम से दिनदहाड़े राम दरबार एवं अन्य भगवान की मूर्तियां चुराने के मामले का खुलासा कर पुलिस ने आरोपी लालवीर उर्फ लालू राम उर्फ दुधाराम गुर्जर पुत्र केदार लाल (49) निवासी दौलतपुरा सुवास थाना किशनगंज को गिरफ्तार कर चुराई गई मूर्तियां बरामद कर ली है।
एसपी राजकुमार चौधरी ने बताया कि घटना के संबंध में 7 जून को आश्रम के पुजारी मधुसूदन दास द्वारा थाना सदर में रिपोर्ट दी गई कि कल दोपहर 1:00 से 3:00 बजे के बीच आश्रम से भगवान की मूर्तियां चुराई गई। आश्रम के सीसीटीवी कैमरे में दुदाराम गुर्जर चोरी करता हुआ दिखाई दे रहा है। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसपी चौधरी ने बताया कि घटना की गम्भीरता को मध्य नजर रखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी व सीओ ओमेंद्र सिंह के सुपरविजन एवं एसएचओ छुट्टन लाल के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा आसूचना संकलन एवं तकनीकी सहायता से मंगलवार को आरोपी लालबीर उर्फ लालू राम उर्फ दुधाराम गुर्जर को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी की निशानदेही पर मन्दिर से चुराई गई रामदरबार की सोने की मुर्ति, विष्णु भगवान की एक चांदी की मूर्ति, एक मूर्ति गणेशजी की चांदी जैसी, एक गरूड घंटी पीतल की व एक छोटी चैन बरामद की गई। मुल्जिम को न्यायालय में पेश कर जेल भिजवाया गया।
बारां जिले में थाना सदर पुलिस की कार्रवाई: प्रेम धाम हनुमान वाटिका आश्रम से चुराई गई राम दरबार व अन्य मूर्तियां बरामद
