गायों के लिए पानी, चारा, छाया की पर्याप्त व्यवस्था के दिए निर्देश
जयपुर। नगर निगम ग्रेटर महापौर डॉ॰ सौम्या गुर्जर ने सोमवार को हिंगोनिया गौशाला का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने गोवंश से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को जाँचा परखा। महापौर ने गायों को हरा चारा खिलाया और दुलार भी किया। महापौर ने आईसीयू, चारा गोदाम का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर डॉ॰ राकेश कारोलिया, सुरेंद्र, पशुधन निरीक्षक उमाशंकर सहित हिंगोनिया गौशाला से संबंधित प्रतिनिधि मौजूद रहे।
महापौर ने बताया कि गर्मी को देखते हुए गायों के लिए हरे चारे, पानी, ग्रीन नेट आदि की व्यवस्था समुचित रूप से की जाए एवं बीमार गायों की देखभाल की जाए।
महापौर ने राजस्थान की देसी नस्ल के संरक्षण हेतु बनाई गई काऊ सफारी का भी निरीक्षण किया। जहाँ राठी, साहीवाल, काँकरेज, थारपारकर, नागौरी, गिर सहित 5 से भी अधिक प्रकार की नस्लों को रखा गया है। इसके साथ ही गौ परिक्रमा की भी व्यवस्था की गई है। महापौर ने आमजन से भी अपील की कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करें क्योंकि इसे खाकर गौ माता बीमार पड़ती है। यदि गौ वंश को बचाना है तो हमें सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग छोड़ना ही होगा।
नगर निगम ग्रेटर महापौर डॉ॰ सौम्या गुर्जर ने हिंगोनिया गौशाला का किया औचक निरीक्षण
