जयपुर। जयपुर विकास प्राधिकरण ने गत दिनों में जयपुर शहर में हुई वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति को सुधारने के लिए पेच रिपेयर कार्य का अभियान शुरू किया है। जिससे आमजन और नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात उपलब्ध हो रहा है।
जयपुर विकास आयुक्त आनंदी ने बताया कि जयपुर शहर में गत दिनों हुई वर्षा के चलते कई प्रमुख क्षतिग्रस्त सड़कों पर आमजन को आवागमन में आ रही कठिनाई को दृष्टिगत रखते हुए जेडीए द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियंताओ को अपने-अपने क्षेत्र में पेच रिपेयर कार्य करने के निर्देश प्रदान किए गए हैं।
जेडीए की प्राथमिकता है कि शहरवासियों को बेहतर सड़कें उपलब्ध कराई जाएं। पेच रिपेयर कार्य शीघ्रता से किया जा रहा है जिससे शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू संचालन हो रहा है।
जेडीए के विभिन्न जोनों के अधिशासी अभियंताओं द्वारा अपने अपने क्षेत्र में पेच रिपेयर कार्य जीएसबी, डब्ल्यूबीएम, मिट्टी के कट्टों द्वारा पेच रिपेयर कार्य निरन्तर करवाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त कोल्ड मिक्स पद्धति से भी पेच रिपेयर कार्य करवाया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त सीवर लाइन, पीएचईडी बीसलपुर पाइप लाइन, टॉरेंट गैस लाइन, ड्रेनेज की खुदाई के कार्यों को भी ध्यान में रखते पेच रिपेयर कार्य करवाया जा रहा है। जेडीए द्वारा अजमेर रोड, महाराणा प्रताप मार्ग, खिरनी फाटक रोड, कनकपुरा रेलवे स्टेशन रोड, श्याम नगर सब्जी मंडी के पास, खेतान हॉस्पिटल रोड के पास, टोंक रोड, नील पदम सरोवर मार्ग, गांधी पथ, गणेश नगर निवारू रोड, खातीपुरा रोड, गोपालपुरा बायपास जंक्शन, टी एन मिश्रा मार्ग इत्यादि स्थानों पर पेच रिपेयर कार्य करवाया गया।
इसके साथ ही जेडीए द्वारा स्थापित बाढ़ नियंत्रण उप केंद्रों एवं मुख्य बाढ़ नियंत्रण केंद्र पर अब तक 198 शिकायते प्राप्त हुई है, जिनमें से 196 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। जेडीए द्वारा आमजन से प्राप्त शिकायत के निस्तारण हेतु पंप, ट्रैक्टर ट्राली, मिट्टी की कट्टी लेबर इत्यादि लगातार शिकायत आने पर भेजे जा रहे हैं।
इस कार्य के अंतर्गत मुख्य सड़कों के साथ-साथ उन सड़कों का भी ध्यान रखा गया जो अधिक प्रभावित हुई हैं। जेडीए ने आमजन से अपील की है कि वे इस दौरान धैर्य रखें और आवश्यकतानुसार वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
जेडीए द्वारा समस्त कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुसार किए जा रहे है और रिपेयर कार्य शीघ्र पूर्ण करने हेतु प्रयासरत है। जेडीए ने सड़कों की मरम्मत हेतु आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था पूर्व में ही की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त जेडीए द्वारा भविष्य में ऐसी समस्याओं से निपटने के लिए एक दीर्घकालिक योजना भी तैयार की जा रही है। जेडीए का ये प्रयास शहरवासियों के लिए राहत देने वाला सिद्ध होगा और इस कार्य से जयपुर की सड़कों की स्थिति में सुधार होगा जिससे आमजन को बेहतर सुविधा मुहैया हो रही हैं।
जेडीए द्वारा क्षतिग्रस्त सड़कों पर करवाया जा रहा है पेच रिपेयर कार्य
