जयपुर। उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा ने विधानसभा में कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र जहाजपुर में 3 नवीन महाविद्यालय खोले गए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि आने वाले समय में विद्यार्थियों की पर्याप्त संख्या होने पर जहाजपुर के ग्राम लुहारी कलां में भी नवीन महाविद्यालय खोलने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जहाजपुर में वर्तमान में संचालित राजकीय महाविद्यालय लुहारी कलां से 8 किलोमीटर की दूरी पर है।
उप मुख्यमंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य गोपी चन्द मीणा द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 4 राजकीय महाविद्यालय संचालित हैं। इनमें से राजकीय कन्या महाविद्यालय जहाजपुर में 143 छात्राएं अध्ययनरत हैं। राजकीय महाविद्यालय कोटडी़ में 82 तथा राजकीय कृषि महाविद्यालय पीपलूंद में 7 विद्यार्थी हैं।
इससे पहले विधायक गोपीचन्द मीणा के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र जहाजपुर में वर्तमान में राजकीय क्षेत्र में राजकीय महाविद्यालय जहाजपुर, राजकीय कन्या महाविद्यालय जहाजपुर, राजकीय महाविद्यालय कोटडी़(जहाजपुर) एवं राजकीय कृषि महाविद्यालय पीपलूंद (जहाजपुर) संचालित हैं। उन्होंने बताया कि राजकीय महाविद्यालय जहाजपुर स्वयं के नवनिर्मित भवन में संचालित है तथा राजकीय कन्या महाविद्यालय जहाजपुर एवं राजकीय महाविद्यालय कोटडी़ (जहाजपुर) का भवन वर्तमान में निर्माणाधीन है।
डॉ. बैरवा ने कहा कि चारदीवारी विहीन राजकीय महाविद्यालयों में चारदीवारी का निर्माण संसाधनों की उपलब्धता एवं गुणावगुण के आधार पर किया जाता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में विधानसभा क्षेत्र जहाजपुर के ग्राम पारोली में राजकीय कन्या महाविद्यालय तथा ग्राम लुहारी कलां में राजकीय महाविद्यालय खोले जाने का कोई प्रस्ताव विभाग में विचाराधीन नहीं है।
जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र में गत दो सालों में 3 नवीन राजकीय महाविद्यालयों की स्थापना- उप मुख्यमंत्री
