जयपुर। राजस्थान पुलिस का ध्येय वाक्य अपराधी में डर और आमजन में विश्वास धौलपुर जिले में चरितार्थ होता दिखाई दे रहा है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के कुशल नेतृत्व में जिला पुलिस न केवल अपराधियों पर नकेल कस रही है, बल्कि असहाय और पीड़ितों के लिए संबल भी बन रही है। हाल ही में थाना कंचनपुर पुलिस ने एक निसंतान बुजुर्ग को प्रताड़ना से मुक्ति दिलाकर उनके चेहरे पर मुस्कान लौटाई है।
मामला थाना कंचनपुर क्षेत्र का है, जहाँ गांव मठ नोहरा निवासी बुजुर्ग भल्लों जाटव अपनी व्यथा लेकर थाने पहुँचे थे। उम्र के अंतिम पड़ाव पर पहुँच चुके भल्लों जी ने सिसकते हुए थानाधिकारी को बताया कि उनकी पत्नी का तीन साल पहले देहांत हो चुका है और उनकी कोई संतान नहीं है। उनके हिस्से की तीन बीघा जमीन पर उनके सगे संबंधियों की गिद्ध दृष्टि पड़ गई है। उनके भाई का बेटा और भांजा जमीन के लालच में उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
थानाधिकारी की संवेदनशीलता
थानाधिकारी कंचनपुर रामकिशन यादव ने बुजुर्ग की हालत देखकर न केवल उन्हें अपने कक्ष में ससम्मान बिठाया, बल्कि एक परिजन की भांति उनकी पूरी समस्या सुनी। पुलिस अधीक्षक के स्पष्ट निर्देश हैं कि थाने आने वाले हर फरियादी, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों की सुनवाई त्वरित और संवेदनशीलता के साथ होनी चाहिए। इसी क्रम में कार्रवाई करते हुए बुजुर्ग को तुरंत सरकारी गाड़ी से सुरक्षित उनके घर तक पहुँचाया गया।
बुजुर्ग को परेशान करने वाले आरोपियों की तलाश में जब पुलिस उनके घर पहुँची तो वे मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घर पर मौजूद नाबालिग परिजनों को हिदायत देते हुए समझाइश की। साथ ही बुजुर्ग को प्रताड़ित करने वाले मुख्य आरोपी के विरुद्ध इंसदादी (प्रतिबंधात्मक) कार्रवाई अमल में लाई गई है। पुलिस की इस त्वरित सक्रियता का नतीजा है कि आज श्री भल्लों अपने घर में सुरक्षित और सम्मान के साथ रह रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक की प्राथमिकता: जनता की सेवा ही सर्वोपरि
जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान समय-समय पर अपराध गोष्ठी और निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को पीड़ितों के प्रति मानवीय दृष्टिकोण रखने के निर्देश देते रहते हैं। एएसपी वैभव शर्मा एवं एएसपी एडीएफ बाड़ी कमल कुमार जांगिड़ के सुपरविजन में जिले भर में कम्युनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है। कंचनपुर पुलिस की इस पहल ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि खाकी केवल वर्दी नहीं, बल्कि मुश्किल वक्त में आम आदमी का सबसे बड़ा सहारा है। पुलिस की इस तत्परता की ग्रामीण क्षेत्रों में काफी सराहना हो रही है। बुजुर्ग भल्लों ने भी पुलिस प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
जमीन के लालच में अपनों ने छोड़ा, एसपी विकास सांगवान के निर्देश पर थाना कंचनपुर ने दिलाया सम्मान
