बजट घोषणाओं के त्वरित एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वय समिति बनाने के दिये निर्देश
जयपुर। प्रदेश को विकास पथ पर अग्रसर करने वाले बजट में राज्य सरकार ने हर वर्ग हर तबके के लिए सौगातें दी हैं। ‘आपणो अग्रणी राजस्थान’ की संकल्पना को साकार करने में मील का पत्थर साबित होगा। बजट में महिला, युवा, किसान तथा गरीब सहित सभी वर्गों को संबल दिया गया है, जिससे विकसित राजस्थान के सपने को मूर्त रुप मिल सकेगा। बजट घोषणाओं के त्वरित एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय समन्वय समिति बनाकर सभी घोषणाओं को जल्द से जल्द धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा। यह कहना है जयपुर एवं जयपुर ग्रामीण जिले के प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल का।
पटेल ने यह बात जिला कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी की सिद्धि की दिशा में आगे बढ़ते हुए जनता की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने की इच्छाशक्ति हमने संकल्प पत्र में अभिव्यक्त की थी, उन वादों को पूरा करने के मजबूत इरादों की झलक इस बजट में देखने को मिली है।
जिला प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल ने प्रेस वार्ता से पहले जिला कलक्ट्रेट सभागार में बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। जिला प्रभारी सचिव श्रीमती अपर्णा अरोड़ा की मौजूदगी में आयोजित हुई बैठक में बजट घोषणाओं की विभागवार समीक्षा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जोगाराम पटेल ने बजट घोषणाओं पर विभागीय अधिकारियों से बिन्दुवार कार्ययोजना एवं कार्यप्रगति की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को बजट घोषणाओं की समयबद्ध, त्वरित एवं प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिये। उन्होंने बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण के लिए समय-समय पर समीक्षा बैठक आयोजित करने के लिए भी निर्देशित किया।
बैठक के बाद प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल सहित विधायकगणों एवं प्रभारी सचिव श्रीमती अपर्णा अरोड़ा ने जिला कलक्ट्रेट परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम‘ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम‘ अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक भावनात्मक पहल है जो कि वनावरण को बढ़ाने के साथ साथ जैव विविधता संवर्द्धन की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
जन आकांक्षाओं पर शत-प्रतिशत खरा उतरेगा लोक कल्याणकारी बजट- जोगाराम पटेल
