इनोवा कार में तस्करी किया जा रहा 423 किलो 800 ग्राम अफीम डोडा चूरा जप्त
जयपुर/चित्तौड़गढ। चित्तौड़गढ़ जिला विशेष टीम एवं बेंगू थाना पुलिस की टीम ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए एक इनोवा कार से 423 किलो 800 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा, एक देशी कट्टा व जिंदा कारतूस सहित दो राज्यों के अलग-अलग जिलों की 10 नंबर प्लेट जब्त कर आरोपी चालक सवाई सिंह पुत्र रतन सिंह राजपूत (27) निवासी तांतवास (नागौर) हाल संत रविदास कॉलोनी, जोधपुर को गिरफ्तार किया है।
एसपी सुधीर जोशी ने बताया कि जिला विशेष टीम को सूचना मिली कि बेंगू थाना इलाके में बलवंत नगर से गोरला की तरफ आ रही इनोवा कार में मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। इस सूचना पर बेंगू थाना पुलिस को अवगत कराने पर थाने से उप निरीक्षक हमेर लाल मय टीम द्वारा गोरला पहुंच नाकाबन्दी की गई।
कुछ ही देर में बलवंत नगर की तरफ से तेज गति से आ रही इनोवा कार का चालक पुलिस नाकाबंदी को तोड़ भागने लगा। इनोवा में दो व्यक्ति सवार थे। पुलिस कर्मियों ने लगातार पीछा किया तो मेनाल से पहले हाईवे पर गाड़ी खड़ी कर दोनों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी चालक सवाई सिंह को पकड़ लिया। साथी राजू उर्फ खुमाराम जाट निवासी जाखड़ो की ढाणी (बाड़मेर) अंधेरे व जंगल का सहारा लेकर भाग गया।
पुलिस ने इनोवा की तलाशी तो डैशबोर्ड के ऊपर से एक देशी कट्टा व एक जिंदा कारतूस मिला। कार के पीछे की सीट नहीं थी, उसके स्थान पर 23 कट्टों में भरा हुआ 423 किलो 800 ग्राम अफीम डोडा चूरा मिला। अवैध मादक पदार्थ व इनोवा जब्त कर पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से बचने गाड़ी में लगाते अलग-अलग नंबर प्लेट
गाड़ी की तलाशी में पुलिस ने राजस्थान व गुजरात राज्य के कई जिलों की 10 नंबर प्लेट भी जब्त की है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए वे अलग-अलग नंबर प्लेट काम में लेते हैं, जिससे पुलिस को वाहन के बारे में शंका न हो।
इस कार्रवाई में डीएसटी से प्रभारी गोरधन सिंह, कांस्टेबल ललित सिंह, चंद्रकरण सिंह, अजय, दुर्गाराम व दिनेश एवं थाना बेगू से उप निरीक्षक हमेर लाल, हैड कांस्टेबल भगवान लाल, कांस्टेबल प्रकाश, मनोहर, धर्मेंद्र, सुरेंद्र, सुनील व हंसराज शामिल थे।
एक देशी कट्टा व जिंदा कारतूस एवं दो राज्यों की 10 नम्बर प्लेट सहित आरोपी चालक गिरफ्तार
