जयपुर। इंडिया स्टोन मार्ट – अंतरराष्ट्रीय स्टोन उद्योग प्रदर्शनी का 13वां संस्करण 5 से 8 फरवरी 2026 तक जयपुर एग्ज़ीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (JECC), सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र, जयपुर में आयोजित किया जाएगा।
इंडिया स्टोन मार्ट 2026 का उद्घाटन समारोह 5 फरवरी 2026 को प्रातः 10 बजे –
मुग्धा कन्वेंशन हॉल, जेईसीसी, जयपुर में आयोजित होगा। प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कर कमलों से होगा। मुख्यमंत्री शर्मा इस सत्र में अपना उद्बोधन देंगे और सीडॉस लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड वितरित करेंगे। उद्घाटन सत्र में उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास भी राज्य में स्टोन उद्योग की दशा, दिशा और विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देंगे। इस सत्र में सीडॉस उपाध्यक्ष दीपक अजमेरा, विख्यात मूर्तिकार अरुण योगीराज, लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री प्रकाश चन्द और लघु उद्योग भारती के नटवर लाल अजमेरा भी उद्बोधन देंगे।
इंडिया स्टोन मार्ट 2026 कई दृष्टियों से ऐतिहासिक होने जा रहा है। इस संस्करण में पहली बार अनेक नवाचारपूर्ण और दूरगामी पहलें की जा रही हैं, जो राजस्थान के प्राकृतिक पत्थर उद्योग को वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक सिद्ध होंगी।
पहली बार – 26 से अधिक अंतरराष्ट्रीय भाषाओं में आधिकारिक वेबसाइट –
इंडिया स्टोन मार्ट के इतिहास में पहली बार इसकी आधिकारिक वेबसाइट 26 से अधिक अंतरराष्ट्रीय भाषाओं में लॉन्च की गई है। इस पहल का उद्देश्य भारत के प्राकृतिक पत्थरों—विशेष रूप से राजस्थान के पत्थरों—को वैश्विक पहचान दिलाना है, ताकि विभिन्न देशों के खरीदारों, निवेशकों एवं उद्योग प्रतिनिधियों तक उनकी स्थानीय भाषाओं में समग्र जानकारी पहुंचाई जा सके। यह बहुभाषी पहल अंतरराष्ट्रीय संवाद को सशक्त बनाती है।
पहली बार – समर्पित डिजिटल एग्ज़ीबिशन मोबाइल ऐप –
इंडिया स्टोन मार्ट 2026 के लिए पहली बार एक समर्पित डिजिटल मोबाइल एप्लिकेशन विकसित किया गया है। यह ऐप वर्चुअल ई-स्टॉल, उत्पाद प्रदर्शन, स्टॉल लोकेशन मैपिंग, प्रदर्शक प्रोफाइल, मीटिंग शेड्यूलिंग, लाइव अपडेट्स और प्रोफेशनल नेटवर्किंग जैसी सुविधाएँ प्रदान करेगा। यह एप्लिकेशन प्रदर्शकों को दो वर्षों तक निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे प्रदर्शनी के बाद भी व्यवसायिक संवाद और नेटवर्किंग जारी रह सकेगी।
पहली बार – अब तक का सबसे बड़ा प्रदर्शनी क्षेत्र –
इंडिया स्टोन मार्ट 2026 को 24,771 वर्ग मीटर के शुद्ध प्रदर्शनी क्षेत्र में आयोजित किया जा रहा है, जो अब तक का सबसे बड़ा है। यह विस्तार भारत और विदेशों से बढ़ती भागीदारी, उद्योग में बढ़ते विश्वास और आयोजन की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को दर्शाता है।
पहली बार – विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रतियोगिताएँ –
युवाओं को स्टोन उद्योग से जोड़ने के उद्देश्य से पहली बार कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं। इनमें मॉडल-मेकिंग, डिज़ाइन आधारित और नवाचार उन्मुख प्रतियोगिताएँ शामिल हैं, जिनके लिए पुरस्कार भी निर्धारित किए गए हैं। यह पहल भविष्य के कुशल मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
पहली बार – स्टोन उद्योग और आध्यात्मिक संस्थानों के बीच सहयोग –
इंडिया स्टोन मार्ट 2026 में पहली बार स्वामीनारायण परंपरा जैसे प्रमुख आध्यात्मिक संस्थानों के साथ सहयोग किया गया है, जो विश्व में प्राकृतिक पत्थरों के सबसे बड़े उपयोगकर्ताओं में से हैं। यह सहयोग स्टोन उद्योग और सांस्कृतिक-आध्यात्मिक वास्तुकला के बीच सशक्त सेतु स्थापित करता है।
पहली बार – MSME केंद्रित प्रचार एवं स्टॉल एकीकरण –
पहली बार MSME (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) केंद्रित प्रचार, प्रोत्साहन और स्टॉल प्रस्तुति को एकीकृत स्वरूप में शामिल किया गया है, जिससे छोटे और मध्यम उद्योगों को वैश्विक मंच पर समान अवसर और दृश्यता प्राप्त होगी।
पहली बार – ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP)’ पवेलियन –
इंडिया स्टोन मार्ट 2026 में पहली बार एक समर्पित ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP)’ पवेलियन की स्थापना की जा रही है, जिसमें विभिन्न जिलों के विशिष्ट पत्थर उत्पादों को एक ही मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा। यह पहल क्षेत्रीय पहचान, स्थानीय विशेषज्ञता और जिला-स्तरीय औद्योगिक विशेषीकरण को बढ़ावा देगी।
राजस्थान के लिए वैश्विक अवसर –
इंडिया स्टोन मार्ट 2026 राजस्थान को प्राकृतिक पत्थर उद्योग के अंतरराष्ट्रीय केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक सशक्त मंच सिद्ध होगा, जिससे निवेश, निर्यात और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
इंडिया स्टोन मार्ट 2026: कई “पहली बार” के साथ ऐतिहासिक आयोजन
