जयपुर। नगर निगम ग्रेटर की अतिक्रमण निरोधक समिति की बैठक ईसी मीटिंग हॉल में आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम ग्रेटर क्षेत्राधिकार में हो रहे अवैध अतिक्रमण के विरूद्ध कार्यवाही, नगर निगम क्षेत्राधिकार की जमीनों को अवैध अतिक्रमण से मुक्त करवाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
अतिक्रमण निरोधक समिति चैयरमेन लक्ष्मण नूनीवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में समिति के सदस्यों महेश सैनी, गोविन्द छीपा, हिमांशु जैन, श्रीमती उषा टाटीवाल, विरेन्द्र पाल, नरेन्द्र कुमार भोजक, उपायुक्त सतर्कता अजय कुमार, जोन उपायुक्त, सतर्कता शाखा की टीम, स्वास्थ्य निरीक्षक, सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।
अतिक्रमण निरोधक समिति चैयरमेन लक्ष्मण नूनीवाल ने उपायुक्त सतर्कता से अब तक हटाये गये स्थाई व अस्थाई अतिक्रमणों की जानकारी ली तथा अवैध, अस्थाई अतिक्रमण की कार्यवाहियों को और अधिक रूप से सुदृढ़ रूप से करने के निर्देश दिये। लक्ष्मण नूनीवाल ने निर्देश दिये कि अवैध, अस्थाई अतिक्रमण के विरूद्ध कार्यवाहियां अब 2 पारियों में की जाये जिससे की शहर को अवैध अतिक्रमण से निजात मिल सके। उन्होंने कहा कि शाम को बाजारों में अस्थाई अतिक्रमण बढ़ने लगता है जिससे की आमजन को ट्रेफिक की समस्या का सामना करना पड़ता है। 2 पारियों में टीम द्वारा कार्य करने से इस पर लगाम लग सकेगी।
लक्ष्मण नूनीवाल ने निर्देश दिये कि नगर निगम की जमीन पर जिन लोगों ने अवैध रूप से अतिक्रमण कर रखा है उनकी रिपोर्ट दी जाये जिससे उन जमीनों को भी उनके कब्जे से मुक्त किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जयपुर शहर तब ही सुन्दर व स्वच्छ दिख पायेगा जब यह अतिक्रमण से मुक्त होगा।
अवैध, अस्थाई अतिक्रमण के विरूद्ध अब 2 पारियों में होगी कार्यवाही
