नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने (आप) आज दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कर दी है। अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के बाद आतिशी अब उनकी जगह लेंगी। वहीं अरविंद केजरीवाल आज उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मिलकर अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं।
केजरीवाल मंगलवार शाम साढ़े 4 बजे दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात कर सकते हैं। केजरीवाल ने 15 सितंबर दिन रविवार को सीएम पद से इस्तीफे का एलान किया था। इससे पहले नए सीएम के नाम को लेकर कयासों का बाजार गर्म था। कहा तो यहां तक जा रहा था कि दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले AAP किसी अन्य नाम पर मुहर लगाकर सभी को चौंका सकती है। हालांकि अब इसका फाइनल फैसला हो गया है।
आतिशी दिल्ली की नई और तीसरी महिला सीएम होंगी। इनसे पहले सुषमा स्वराज और शीला दीक्षित बतौर सीएम कार्यकाल संभाल चुकी हैं। आतिशी के सीएम बनने से पार्टी में उनका कद बढ़ गया है।
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद पूरे मंत्रिमंडल में फेरबदल हो सकती है। आतिशी अब नई मुखिया हैं। ऐसे में संभव है कि दो नए मंत्री भी शपथ ले सकते हैं। बता दें राज कुमार आनंद के इस्तीफे के बाद से एक पद खाली चल रहा है।
अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के बाद आतिशी होंगी दिल्ली की मुख्यमंत्री
