जयपुर। बजट घोषणा वर्ष 2025-26 की अनुपालना में मुख्य अजमेर रोड पर कमला नेहरू नगर से भांकरोटा के मध्य होने वाले जल भराव की समस्या के स्थाई निराकरण के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा बरसाती नाले का निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा है। प्राधिकरण द्वारा भांकरोटा पुलिया के नीचे से प्रारंभ होकर हीरापुरा पावर हाउस तक लगभग 2800 मीटर लंबाई में इस नाले का निर्माण किया जाएगा।
यह कार्य दिनांक 04.02.2026 से मुख्य अजमेर रोड की सर्विस रोड पर प्रारंभ किया जाना है। कार्य के दौरान सड़क के कुछ भाग में सुरक्षा की दृष्टि से यातायात संचालन को रोककर कार्य किया जाएगा।
इस अवधि में आमजन की सुविधा के लिए यातायात व्यवस्था निम्न प्रकार रहेगी:
- मुख्य अजमेर रोड पर यातायात यथावत संचालित रहेगा।
- भांकरोटा से कमला नेहरू नगर की तरफ सर्विस रोड पर भारी वाहन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे।
- जयसिंहपुरा खोर की तरफ जाने वाले हल्के एवं भारी वाहन यथावत संचालित रहेंगे।
- भांकरोटा से आगे कमला नेहरू नगर की तरफ सर्विस सड़क के जिस भाग में कार्य किया जाएगा, उस भाग से पूर्व की ओर (कमला नेहरू नगर की तरफ जाने वाला ट्रैफिक) पूर्व की भांति जा सकेगा।
- भांकरोटा पुलिया के नीचे स्थित सभी निकासों (cuts) को एक साथ बंद नहीं किया जाएगा, जिससे यातायात सर्विस रोड पर आकर दक्षिण की तरफ स्थित दूसरी सर्विस रोड से कमला नेहरू नगर की तरफ जा सकेगा।
उक्त निर्माण कार्य मई 2026 तक पूर्ण किया जाना प्रस्तावित है। कार्य समाप्ति तक अस्थाई तौर पर यातायात उपरोक्त अनुसार संचालित रहेगा।
जयपुर विकास प्राधिकरण ने वाहन चालकों एवं स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे निर्माण कार्य के दौरान संयम बरतें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
