गडरा रोड थाने का निरीक्षण, जवानों के साथ रात्रि भोज, मुनाबाव बॉर्डर पर बीएसएफ के अधिकारियों और जवानों से रूबरू हुए डीजीपी
जयपुरा। राज्य में बेहतर पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था की मजबूती को लेकर राजस्थान पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा इन दिनों जोधपुर संभाग के दौरे पर हैं। इसी क्रम में मंगलवार देर शाम उन्होंने बाड़मेर जिले के सीमावर्ती गडरा रोड थाना और मुनाबाव सीमा चौकी का दौरा किया।
गडरारोड पुलिस थाने का निरीक्षण :
भारत-पाकिस्तान सीमा से महज़ 5 किलोमीटर दूर स्थित गडरा रोड थाने पर पहुंचकर डीजीपी शर्मा ने न केवल थाने का गहन निरीक्षण किया, बल्कि अधिकारियों से कानून-व्यवस्था और क्षेत्र में अपराधों की प्रकृति की जानकारी भी ली। इस दौरान उन्होंने थाने में संधारित अभिलेखों को देखा और पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। डीजीपी ने सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायज़ा लेकर पुलिस अधिकारियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
जवानों के साथ किया रात्रिभोज और संवाद :
निरीक्षण के बाद पुलिस महानिदेशक ने थाने में तैनात जवानों से आत्मीय संवाद किया। जवानों की समस्याएं व अपेक्षाएं सुनते हुए उन्होंने उनके साथ रात्रि भोज भी किया। पुलिस प्रमुख को अपने बीच पाकर जवान उत्साहित नज़र आए और उन्होंने पूरी निष्ठा व समर्पण भाव से कर्तव्य निर्वहन का संकल्प दोहराया।
मुनाबाव बॉर्डर पर पहुंचे डीजीपी :
गडरारोड थाने के निरीक्षण के पश्चात् डीजीपी शर्मा भारत-पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मुनाबाव चौकी पहुंचे, जहाँ उन्होंने बीएसएफ अधिकारियों और जवानों से मुलाकात की। डीजीपी ने सीमा पर तैनात बीएसएफ की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा और अन्य गतिविधियों के बारे में भी ली जानकारी।
बीएसएफ के जवानों से संवाद दौरान पुलिस महानिदेशक ने उनके अनुशासन व साहसिक कार्यों की सराहना करते हुए विशेष रूप से ऑपरेशन सिंदूर के दौरान किए गए पराक्रम की प्रशंसा की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राजस्थान पुलिस हमेशा बीएसएफ के सहयोग के लिए तत्पर है।
सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिस महानिदेशक का यह दौरा न केवल सुरक्षा बलों के मनोबल को बढ़ाने वाला साबित हुआ है, बल्कि इससे पुलिस और बीएसएफ के बीच बेहतर तालमेल को भी मजबूती मिली है।
अंतराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में डीजीपी का दौरा : पुलिस और बीएसएफ का बढ़ा मनोबल
