जयपुर। राजस्थान के सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने शुक्रवार को राजस्थान इंटरनेशनल के सेंटर, जयपुर में आयोजित राजस्थान आईटी दिवस समारोह में शिरकत की। उन्होंने कहा, राजस्थान आईटी दिवस एक उत्सव और एक ऐसा मंच है जहाँ दृष्टि क्रियान्वयन से मिलती है, और जहाँ नीति नवाचार से मिलती है। राजस्थान आईटी दिवस पर सभी को हार्दिक बधाई।
कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा, माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी एवं आदरणीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी के कुशल मार्गदर्शन और नेतृत्व में हमारा लक्ष्य राजस्थान सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में अग्रणी बनाना है। राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में आईटी क्षेत्र से कई प्रस्ताव मिले हैं। इन्हें लागू किया जा रहा है। इसके साथ ही सरकार ने विभिन्न नीतियां भी लॉन्च की हैं। राजस्थान आईटी दिवस 2025 राज्य के डिजिटल परिवर्तन में अहम कदम है। यह आयोजन नवाचार, प्रौद्योगिकी और उद्यमिता को बढ़ावा देगा। साथ ही युवाओं को नए विचारों के लिए प्रेरित करेगा। वर्तमान और भविष्य के लिए आईटी बेहद महत्वपूर्ण है। माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में हम जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान और जय अनुसंधान के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। वैश्विक मंच पर हमारा कद बढ़ा है और दुनिया भारत में उम्मीद की नई किरण देख रही है। हम एक मजबूत और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के अपने विजन को साकार करने में सफल होंगे।
हमारा लक्ष्य राजस्थान सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में अग्रणी बनाना है : कर्नल राज्यवर्धन राठौड़
