स्वच्छोत्सव की थीम पर आयोजित किया जा रहा है पखवाड़ा
जयपुर। नगर निगम ग्रेटर द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्वच्छता जनजागरूकता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य स्वच्छता को जनांदोलन का रूप देना तथा जयपुरवासियों को स्वच्छ, स्वस्थ और हरित जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित करना है।
अभियान के दौरान स्कूलों, बाज़ारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित विशेष कार्यक्रमों के माध्यम से अब तक लगभग 5,000 नागरिकों को अभियान से जोड़ा गया। प्रमुख डिवाइडर, पार्क, पर्यटक स्थलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सफाई अभियान संचालित किए गए। साथ ही स्वच्छ एवं हरित जयपुर के संकल्प के अंतर्गत व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
अब तक आयोजित हुए कार्यक्रमों के अंतर्गत सफाई मित्रों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाया गया। अब तक आयोजित किये गये कार्यक्रमों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी उल्लेखनीय रही। छात्रों ने ड्राइंग प्रतियोगिता में स्वच्छता विषयक चित्र बनाए गए और रैली निकालकर आमजन तक स्वच्छता का संदेश पहुँचाया। इसके अतिरिक्त सात स्ट्रीट वेंडिंग ज़ोन में विशेष सफाई अभियान चलाया गया, जहाँ दुकानदारों को प्लास्टिक मुक्त ज़ोन बनाने की शपथ दिलवाई गई तथा प्रत्येक दुकान पर “प्लास्टिक का बहिष्कार” संबंधी स्टीकर लगाए गए।
नगर निगम ग्रेटर के आयुक्त ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित कर स्वच्छता को सामूहिक प्रयास के रूप में आगे बढ़ाना है। उन्होंने जयपुरवासियों से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ प्लास्टिक मुक्त जयपुर बनाने में सक्रिय सहयोग दें।
इसी क्रम में मोती डूँगरी मंदिर परिसर में ‘स्वच्छ उत्सव – स्वच्छ नवरात्र’ के तहत दुकानदारों और श्रद्धालुओं को उत्सव स्वच्छता के साथ मनाने के लिए जागरूक किया गया तथा मंगलवार को नगर निगम ग्रेटर की टीम द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत क्लीन-ग्रीन उत्सव थीम पर झारखंड महादेव मंदिर प्रांगण में स्कूल विद्यार्थियों के साथ मिलकर दुकानदारों और श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। विद्याधर नगर जोन के नेशनल हैंडलूम के पास सफाई अभियान का आयोजन किया गया, जिसमें सफाई मित्रों के साथ-साथ निगम अधिकारियों और आमजन ने भी स्वच्छता की कमान सँभालते हुए सक्रिय भागीदारी निभाई।
“स्वच्छोत्सव“ की थीम पर आयोजित की जा रही है विभिन्न जनजागरूकता संबंधी गतिविधियाँ
