जयपुर। मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, जयपुर में दिनांक 30 सिंतबर 2025 को राजभाषा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में हिंदी पखवाड़ा 2025 का समापन समारोह मालवीय सभागार में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया । कार्यक्रम का शुभारंभ अपराह्न 12:30 बजे अतिथियों के आगमन, मंचासीन होने एवं स्वागत सत्कार से हुआ ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. नारायण प्रसाद पाढ़ी, निदेशक एमएनआईटी एवं विशिष्ट अतिथि प्रो. अमर पटनायक, अधिष्ठाता, संकाय कल्याण रहे । समन्वयक, राजभाषा आचार्य राजकुमार व्यास ने स्वागत उद्वोधन प्रस्तुत किया । वर्ष 2025 में प्राप्त किये गये लक्ष्यों की प्राप्ति के विषय में भी आचार्य व्यास ने सभी के साथ साझा किया । इस वर्ष आयोजित इस पखवाड़े में सात विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं/प्रदर्शिनियों का आयोजन किया गया जिसमें विद्यार्थी और गैर विद्यार्थी वर्ग से उत्साह जनक तरीके से सभी लोगों ने अपनी भागीदारी को सुनिश्चित किया । तत्पश्चात् अधिष्ठाता, संकाय कल्याण आचार्य अमर पटनायक ने उपस्थित जन को संबोधित किया ।
समारोह में हिंदी पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार, स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए । माननीय निदेशक आचार्य नारायण प्रसाद पाढ़ी ने अपने मार्गदर्शन एवं आशीर्वचन में राजभाषा हिंदी के संवर्धन तथा संस्थान में इसके प्रयोग की महत्ता पर बल दिया । अंत में सह-समन्वयक, राजभाषा डॉ. ऋषि तिवारी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया । कार्यक्रम का समापन स्वल्पाहार के साथ हुआ।
राजभाषा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में हिंदी पखवाड़ा 2025 का आयोजित
