- चार्टेड अकाउंटेंट, कंपनी सेक्रेटरी एवं कोस्ट अकाउंटेंट ने दिये अपने सुझाव
- बैठक में दो हजार करोड़ रुपये के निवेश करारों पर बनी सहमति
जयपुर। जयपुर जिले में निवेश प्रोत्साहन के लिए जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने सोमवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में वित्त विशेषज्ञों से विचार विमर्श किया। इस दौरान उन्होंने चार्टेड अकाउंटेंट, कंपनी सेक्रेटरी एवं कोस्ट अकाउंटेंट से राइजिंग राजस्थान के सफल आयोजन एवं जिले में ज्यादा से ज्यादा निवेश आकर्षित करने को लेकर चर्चा की।
बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि जयपुर, जयपुर ग्रामीण एवं दूदू जिलों की जिला स्तरीय इन्वेस्टर्स मीट का आयोजन 8 नवंबर 2024 को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर, जयपुर में किया जाएगा। मीट के सफल आयोजन के लिए संपूर्ण जिले के उद्यमियों से संपर्क किया जा रहा है।
बैठक में 2000 करोड के निवेश के प्रस्तावों पर सहमति बनी। जिसके तहत मंगलम ग्रुप द्वारा एक हजार करोड़ के निवेश से एक इडस्ट्रियल पार्क एवं स्पोटे सिटी के प्रस्ताव पर सहमति जाहिर की। वहीं, 500 करोड़ का एक एग्रीकल्चर युनिट तथा 150 करोड़ का एक रूफिंग शीट की युुनिट एवं अन्य प्रस्तावों के तहत कुल 400 करोड़ के निवेश करारों पर सहमति बनी। वहीं, एसोसिएशन ऑफ गारमेंट एक्सपोर्टर्स सीतापुरा की ओर से भी 300 करोड़ के अतिरिक्त निवेश करार पर सहमति प्रदान की गई गौरतलब है कि एजीएक्ससी द्वारा पूर्व में भी 600 करोड़ के निवेश करार पर हस्ताक्षर किये गए थे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान परिपेक्ष्य में चार्टेड अकाउंटेंट, कंपनी सेक्रेटरी एवं कोस्ट अकाउंटेंट जिला निवेश अनुपालन, वित्तीय प्रबंधन और रणनीतिक मार्गदर्शन सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इनका सहयोग निवेशकों की निर्णय लेने की क्षमता एवं विश्वास को बढ़ाता है। अतः जयपुर जिले में अधिक से अधिक निवेश हेतु सरकार के साथ निवेश करार सुनिश्चित करने के लिए वांछित सहयोग एवं सलाह चाहने हेतु उक्त बैठक का आयोजन किया गया है।
राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट-2024: निवेश प्रोत्साहन के लिए जिला कलक्टर ने वित्त विशेषज्ञों के साथ की चर्चा
