नई दिल्ली। रिकी पोंटिंग ने इस बात की पुष्टि की है कि उन्हें भारतीय टीम का मुख्य कोच बनने के लिए संपर्क किया गया था। हालांकि पोंटिंग ने कहा कि मौजूदा समय में उनकी प्राथमिकताएं अलग हैं।
मुख्य कोच के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख़ IPL फ़ाइनल के अगले दिन यानी 27 मई है। ESPNcricinfo ने अपनी एक रिपोर्ट में पहले ही बताया था कि राहुल द्रविड़ अपना कार्यकाल बढ़ाए जाने को लेकर इच्छुक नहीं हैं।
पोंटिंग ने कहा कि वह किसी राष्ट्रीय टीम का मुख्य कोच बनना तो चाहते हैं लेकिन इस समय दिल्ली कैपिटल्स (DC) का मुख्य कोच रहते हुए और ऑस्ट्रेलिया में टीवी से संबंधित अपने कार्यों को देखते हुए उन्हें नहीं लगता कि यह इस रोल को स्वीकार करने का उनके लिए सही समय है।
पोंटिंग ने कहा, “मैंने इससे संबंधित काफ़ी रिपोर्ट्स देखी हैं। आम तौर पर आपके जानने से पहले ही यह चीज़ें सोशल मीडिया पर सामने आ जाती हैं। हालांकि IPL के दौरान इस संबंध में मेरे से एकाध बार बात की गई थी, यह जानने के लिए कि मैं इस रोल के लिए रुचि रखता हूं या नहीं।”
“मैं एक सीनियर राष्ट्रीय टीम का कोच बनना ज़रूर पसंद करूंगा। लेकिन इस समय मेरे पास और भी काम हैं और मैं घर पर भी अपना समय देना चाहता हूं। हर कोई जानता है कि अगर आप भारतीय टीम के कोच हैं तो आप IPL में अपनी सेवाएं नहीं दे सकते। राष्ट्रीय टीम का कोच साल के 10 से 11 महीने करने वाला काम है। फ़िलहाल जिस तरह का जीवन मैं जीता हूं उसे देखते हुए यह रोल मेरे लाइफ़ स्टाइल में फ़िट नहीं बैठता है।”
गौतम गंभीर से भी BCCI ने हाल ही में मुख्य कोच के पद के लिए संपर्क किया था। इस दौड़ में स्टीफ़न फ़्लेमिंग और जस्टिन लैंगर के भी नाम चल रहे हैं।
BCCI ने यह स्पष्ट तौर पर कहा है कि मुख्य कोच का कार्यकाल जुलाई 2024 से दिसंबर 2027 तक की अवधि के लिए होगा। द्रविड़ के दो वर्ष का कार्यकाल 2021 के टी20 विश्व कप के बाद शुरू हुआ था जो पिछले साल एकदिवसीय विश्व कप के बाद समाप्त हो गया था। हालांकि उन्होंने टी20 विश्व कप तक अपना कार्यकाल बढ़ाए जाने को लेकर अपनी हामी भर दी थी।
भारतीय टीम का मुख्य कोच बनने के लिए मुझसे संपर्क किया गया था- पोंटिंग
