मुख्यमंत्री के निर्देशों पर जेडीए द्वारा जलभराव की समस्या का निस्तारण
जयपुर। जयपुर में हाल ही में हुई भारी वर्षा के चलते उत्पन्न हुई आपात परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा शहरी क्षेत्रों में जलभराव, सड़क क्षति और जल स्रोतों के जलस्तर में वृद्धि की स्थिति की समीक्षा हेतु एक उच्चस्तरीय बैठक ली गई थी। बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालना में जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा शहर में क्षतिग्रस्त एवं जलभराव वाली सड़कों की त्वरित मरम्मत एवं निस्तारण हेतु अभियान के अंतर्गत कार्य प्रारम्भ किया गया है।
जेडीए आयुक्त श्रीमती आनंदी ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री महोदय के निर्देशों पर जेडीए की तकनीकी शाखा की टीमें लगातार क्षतिग्रस्त सड़कों की मॉनिटरिंग कर रही हैं। उन्होंने बताया कि माननीय नगरीय विकास मंत्री के नेतृत्व में प्रमुख सड़कों पर आवागमन में आ रही समस्याओं को निस्तारण करने का कार्य तीव्रगति से किया जा रहा है। जेडीए का प्रयास है कि वर्षाऋतु के दौरान आमजन एवं क्षेत्रवासियों को हो रही समस्याओं से निजात दिलाने हेतु प्रभावी मॉनिटरिंग की जा रही है।
जेडीए द्वारा गत दिनों पृथ्वीराज नगर-दक्षिण क्षेत्र स्थित 100 फीट चौड़ी सेक्टर सड़क वरुणपथ (डी-8) पर 100 फीट चौड़ी सेक्टर सड़क (डी-6) के जंक्शन के पास वर्षाकाल में लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई थी। उल्लेखनीय है कि वरुणपथ पर उक्त जंक्शन से आगे वंदे मातरम् रोड तक की सड़क पर स्थानीय निवासियों द्वारा किए गए अतिक्रमण और मलबा डालने के कारण वर्षा जल का बहाव बाधित हो रहा था, जिससे एच.टी. लाइन रोड की ओर से बहकर आने वाला पानी इस जंक्शन पर एकत्रित हो जाता था। स्थानीय निवासियों के विरोध के चलते पूर्व में लगभग 40 मीटर लंबाई में सीवर लाइन नहीं डाली जा सकी थी।
जेडीए उक्त समस्या के स्थाई समाधान को लेकर निरंतर मॉनिटरिंग एवं कार्य कर रहा था। जिसके उपरांत 21 जुलाई, 2025 को जेडीए द्वारा मौके पर अतिक्रमण हटवाकर मलबा साफ करवाया गया। तत्पश्चात मिसिंग सीवर लाइन बिछाकर जीएसबी तकनीक से सड़क निर्माण कार्य पूरा कर यातायात पुनः सुचारू किया गया। इस कार्य से क्षेत्रीय निवासियों को भविष्य में जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिली है। जेडीए द्वारा 100 फीट चौड़ी सेक्टर सड़क वरुणपथ (डी-8) के अलाईनमेंट निर्धारण की प्रक्रिया वर्तमान में प्रगति पर है। अलाईनमेंट तय होने के पश्चात शेष अतिक्रमण हटाने व डामरीकरण कार्य को भी शीघ्र ही पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही जेडीए द्वारा पेच रिपेयर जीएसबी (ग्रेनुलर सब-बेस), डब्ल्यूबीएम (वॉटर बाउंड मैकडैम), मिट्टी के कट्टे, तथा कोल्ड मिक्स जैसी आधुनिक विधियों का उपयोग कर किया जा रहा है।
जेडीए द्वारा प्राथमिकता से सीवर लाइन, पीएचईडी बीसलपुर पाइप लाइन, टॉरेंट गैस लाइन एवं ड्रेनेज खुदाई के कारण जिन सडकों को अधिक क्षति पहुँची है, वहां विशेष रूप से मरम्मत कार्य किए जा रहे हैं, जिससे आम नागरिकों को असुविधा नहीं हो। जेडीए द्वारा निंरतर आमजन के हित में कार्य कर रहा है। जेडीए का ध्येय है कि निरंतर माननीय मुख्यमंत्री महोदय के निर्देशन में आमजन एवं क्षेत्रवासियों के हित में बेहतरीन कार्य किया जाये।
पृथ्वीराज नगर-दक्षिण क्षेत्र स्थित 100 फीट चौड़ी सेक्टर सड़क पर मिसिंग सीवर लाइन बिछाकर सडक निर्माण करने से स्थानीय वासियों को मिली जलभराव से निजात
