पंजाब से गुजरात जा रहा था शराब से भरा ट्रक
जयपुर। हनुमानगढ़ पुलिस अधीक्षक हरी शंकर के निर्देश पर हनुमानगढ़ जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। पीलीबंगा थाना पुलिस ने पराली की आड़ में तस्करी की जा रही करोड़ों रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। जो पंजाब से तस्करी कर गुजरात ले जाई जा रही थी। एसपी हरिशंकर ने बताया कि पीलीबंगा पुलिस थाने के उपनिरीक्षक मुकेश कुमार और उनकी टीम को मंगलवार 23 सितंबर को गश्त के दौरान मुखबिर से एक सूचना मिली। सूचना पर अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेस-वे पर जाखड़ावाली रेस्ट एरिया के पास, एक ट्रेलर (नंबर RJ 04 GB 0933) की तलाशी ली गई।
जांच में पाया गया कि चावल के भूसे (पराली) के कट्टों के नीचे पंजाब निर्मित शराब की पेटियां छिपाई गई थीं। पुलिस ने अलग-अलग ब्रांड (रॉयल स्टैग, ऑल सीजन और रॉयल चैलेंज) की कुल 943 पेटियों में भरी 11,316 बोतलें अंग्रेजी शराब जब्त की। जब्त की गई शराब और वाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान केशाराम जाट पुत्र हुकमाराम (22) और बांकाराम जाट पुत्र लाधा राम (30) के रूप में हुई है, जो बाड़मेर के थाना बीजराड़ इलाके के रहने वाले हैं। थाना पुलिस ने बताया कि यह शराब पंजाब से गुजरात ले जाई जा रही थी।
पुलिस टीम अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस अंतर्राज्यीय तस्करी रैकेट के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधीक्षक ने इस सफल कार्रवाई के लिए टीम की सराहना की है। इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल राकेश कुमार, कांस्टेबल संदीप कुमार और कांस्टेबल चालक नरेंद्र कुमार की विशेष भूमिका रही।
पराली की आड़ में रु. 2 करोड़ की शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
