लड़ाई-झगड़े की सूचना पर आरोपी के गांव पहुंची थी पुलिस, पुलिस को देख भागने लगा आरोपी हिस्ट्रीशीटर
जयपुर/झालावाड़। जिले में अवैध फायर आर्म्स के विरुद्ध थाना बकानी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कर हिस्ट्रीशीटर जगदीश तंवर पुत्र चंपा लाल (40) निवासी गांव देवरी को गिरफ्तार कर इसके पास से चार अवैध बंदुके जप्त की है।
एसपी ऋचा तोमर ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर आदतन अपराधियों, मादक पदार्थ व अवैध आग्नेयास्त्रों की धर पकड़ के लिए चलाये जा रहे अभियान के अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चिरंजीलाल मीणा व सीओ हर्षराज सिंह खरेड़ा के सुपरविजन व एसएचओ रामेश्वर के नेतृत्व में आसूचना संकलन कर आधुनिक तरीकों से असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
एसपी तोमर ने बताया कि मंगलवार को देवरी गांव में लड़ाई झगड़े की सूचना पर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस को देख एक संदिग्ध व्यक्ति कंबल में कुछ लपेटे हुए भागता हुआ दिखाई दिया। जिसे टीम ने डिटेन कर नाम पता पूछा तो उसने अपना नाम जगदीश तंवर बताया। आरोपी के पास मिले कंबल की तलाशी में चार अवैध बंदुके मिली।
अवैध आग्नेयास्त्र जप्त कर आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया जाकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त थाना बकानी का हिस्ट्रीशीटर है। इसके विरुद्ध विभिन्न थानों में कुल 18 आपराधिक प्रकरण दर्ज है। अभियुक्त से अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता व हथियारों के क्रय विक्रय के बारे में पूछताछ की जा रही है।
झालावाड़ जिले में अवैध फायर आर्म्स के खिलाफ थाना बकानी की बड़ी कार्रवाई: हिस्ट्रीशीटर से अवैध हथियारों का जखीरा बरामद, चार बंदूके जब्त
