जयपुर। जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा झारखण्ड मोड तिराहा से खातीपुरा तिराहा होते हुए 200 फीट बाईपास तक रोड की चौड़ाई को जोनल डवलपमेंट प्लान के अनुसार करने की कार्यवाही हेतु जेडीए द्वारा आमजन एवं व्यापारियों से स्वयं के स्तर पर अतिक्रमण हटाने की अपील की गई। आमजन एवं व्यापारियों द्वारा जेडीए की अपील को स्वीकार्य करते हुए दूसरे दिन भी स्वयं के स्तर पर सड़क सीमा में आ रहे अपने निर्माण को हटा रहे हैं जिससे सड़क चौड़ाईकरण की कार्यवाही सौहार्दपूर्ण रूप से संपादित हो सकेगी।
जयपुर विकास आयुक्त आनन्दी ने बताया कि माननीय राजस्थान उच्च न्यायालय द्वारा दायर रिट याचिका संख्या 17971/2022 में पारित आदेश की पालना में जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा झारखण्ड मोड तिराहा से खातीपुरा तिराहा होते हुए 200 फीट बाईपास तक रोड की चौड़ाई को जोनल डवलपमेंट प्लान के अनुसार करने की कार्यवाही की जा रही है। इस कार्यवाही हेतु जेडीए द्वारा पांच टीमों का गठन किया गया, जिसमें उपायुक्त, ए.टी.पी., तहसीलदार, इंजीनियर और प्रवर्तन अधिकारी शामिल है।
जेडीए द्वारा दिनांक 05.04.2025 को गठित टीमों द्वारा जोनल डवलपमेंट प्लान के अनुरूप उक्त मार्ग का चिन्हीकरण किया गया। इस कार्यवाही में मुख्य नियंत्रक प्रवर्तन और उपनियंत्रक प्रवर्तन तृतीय भी उपस्थिति रहे। टीमों ने मौके पर जाकर आवश्यक चिन्हीकरण कार्य को पूर्ण किया।
गठित टीमों द्वारा 08 अप्रैल, 2025 को भी स्थानीय व्यापारियों और निवासियों से समझाईश की गई एवं उन्हें सडक सीमा से अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए सूचित किया गया। जेडीए द्वारा अपील की गई कि वे सभी अतिक्रमणों को दिनांक 09.04.2025 से पूर्व हटा लेने का श्रम करें। इसके साथ ही जेडीए द्वारा आमजन की सहायार्थ आवश्यकता होने पर अतिक्रमण/निर्माण हेतु जेसीबी/लोखण्डा की सुविधा भी निरंतर उपलब्ध करवाई जा रही है। जेडीए द्वारा बुधवार 09 अप्रैल, 2025 को अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जाएगी।
जेडीए द्वारा की गई अपील को आमजन द्वारा दूसरी दिन भी स्वीकार्य करते हुए आमजन द्वारा सौहार्दपूर्ण रूप से स्वयं के स्तर पर सड़क सीमा में आ रहे निर्माण को हटा रहे हैं जिससे सड़क चौड़ाई की कार्यवाही संपादित हो सके तथा सुलभ यातायात की सुविधा सभी को उपलब्ध हो सकेगी। जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा किए गए इस कदम से शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार आने की संभावना है, साथ ही स्थानीय निवासियों और व्यापारियों के सहयोग से यह कार्य अधिक प्रभावी तरीके से संपन्न हो रहा है।
झारखण्ड मोड तिराहा से खातीपुरा तिराहा होते हुए 200 फीट बाईपास तक सड़क चौड़ाईकरण
