नई दिल्ली। तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ के तीन विकेटों की मदद से भारत ने पाकिस्तान को 88 रनों से हरा दिया। भारत ने फ़ील्डिंग में कई ग़लतियां कीं, लेकिन पाकिस्तान उनका फ़ायदा नहीं उठा सका और बढ़ते रन रेट के साथ कभी तालमेल नहीं बिठा पाया। सिदरा अमीन ने 106 गेंदों पर 81 रन बनाकर एक छोर संभाले रखा और पाकिस्तान को थोड़ी उम्मीद दी। लेकिन उनके आउट होते ही पाकिस्तान की आख़िरी उम्मीद भी टूट गई और पूरी टीम 43 ओवर में ढेर हो गई।
यह भारत का पाकिस्तान के ख़िलाफ़ लगातार 12 वनडे जीत था। इसी के साथ भारत अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़कर नंबर एत पर पहुंच गया, जबकि पाकिस्तान अब तक खेले दोनों मैच हार चुका है। एक ऐसी पिच पर जहां बाक़ी के भारतीय बल्लेबाज़ रन बनाने के लिए जूझ रहे थे, वहीं ऋचा घोष ने नंबर 8 पर आकर 20 गेंदों पर नाबाद 35 रन ठोकते हुए टीम को 247 रनों तक पहुंचाया। यह जो महिलाओं के वनडे में बिना किसी 50+ की साझेदारी के सबसे बड़ा स्कोर है। हरलीन देओल ने भारत की तरफ़ से सर्वाधिक 46 रन बनाए।
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर भारत को बल्लेबाज़ी के लिए बुलाया और बाएं हाथ के स्पिनर सादिया इक़बाल से गेंदबाज़ी की शुरुआत कराई। लेकिन जल्द ही उन्होंने डायना बेग और फ़ातिमा सना की नियमित नई गेंद की जोड़ी को वापस बुलाया।
पाकिस्तान ने शुरुआत में ही एक रिव्यू गंवाया जब स्मृति मांधना के ख़िलाफ़ LBW अपील खारिज हो गई और रिप्ले में दिखा कि गेंद लेग स्टंप के बाहर पिच हुई थी। हालांकि मांधना ख़ासकर सना के ख़िलाफ़ रन बनाने के लिए जूझती रहीं, जिन्होंने लगातार सटीक लाइन-लेंथ से उन्हें ऑफ़ साइड में रन नहीं बनाने दिया। आख़िरकार मांधना, सना की इनस्विंगर पर 23 रन बनाकर आउट हुईं और भारत ने एक रिव्यू भी गंवा दिया।
स्पिनरों के आने के बाद रन बनाना और मुश्किल हो गया। हालांकि देओल ने रमीन शमीम की गेंद पर आगे बढ़कर छक्का लगाया, लेकिन पाकिस्तान लगातार डॉट बॉल पर दबाव बनाता रहा। प्रतिका रावल ने 37 गेंदों पर 31 रन बनाए, लेकिन सादिया इक़बाल की वह आर्म बॉल पर आउट हो गईं। 20 ओवर के अंत तक भारत ने 78 डॉट गेंदें खेल ली थी।
कप्तान हरमनप्रीत कौर भी बड़ा असर डाले बिना आउट हो गईं, जिससे भारत का स्कोर 25 ओवर में 106 रन पर 3 विकेट हो गया। अब देओल पर ही पारी को आगे बढ़ाने की ज़िम्मेदारी थी। भारत और मुश्किल में दिख रहा था, जब डायना बेग ने जेमिमाह रॉड्रिग्स को 2 पर कैच करवाया। हालांकि बाद में वह नो-बॉल निकली। रॉड्रिग्स ने फिर फ़्री-हिट को मिडविकेट बाउंड्री पर भेज दिया।
रॉड्रिग्स और देओल ने 51 गेंदों पर 45 रन जोड़े, लेकिन 34वें ओवर में शमीम ने देओल को लॉन्ग-ऑन पर कैच करवा दिया। अगले ही ओवर में नश्रा संधू ने रॉड्रिग्स को LBW आउट किया, जो पहले नॉट-आउट दिया गया था लेकिन रिव्यू में फ़ैसला पलट गया। इन दोनों ओवरों के बीच खेल 15 मिनट तक रुका रहा, क्योंकि मैदान पर कीड़ों के झुंड को हटाने के लिए फ़ॉगिंग की गई।
गौड़ की गेंदबाज़ी और दीप्ति के ऑलराउंड प्रदर्शन से भारत की जीत
