जयपुर/बाड़मेर। जिले की डीएसटी व थाना ग्रामीण पुलिस ने गुजरात से टैक्सी कार किराए पर लाकर थाना क्षेत्र में चालक के साथ मारपीट कर लूट की वारदात का खुलासा कर आरोपी अचलाराम उर्फ अशोक जाट पुत्र लिछाराम व उसके भाई मगाराम जाट निवासी असाडा की बैरी थाना ग्रामीण को गिरफ्तार कर दो साथी नाबालिकों को संरक्षण में लिया है।
एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि उत्तर प्रदेश के इटावा निवासी कुश यादव ने रिपोर्ट दी कि वह अहमदाबाद में टैक्सी चलाता है। 8 मई को तीन युवक 5 दिन की ट्रिप की कहकर किराए पर चलने को कहा। जिसमें से एक ने अपनी आईडी अचलाराम निवासी थाना ग्रामीण की दी। 9 मई की सुबह वे जब दांता गांव के पास पहुंचे तो तीनों ने लघु शंका की कहकर टैक्सी रूकवाई और जान से मारने की धमकी देते हुए टैक्सी लूटकर भाग गए।
एसपी मीना ने बताया कि वारदात को गम्भीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जसाराम बोस व सीओ रमेश कुमार शर्मा के सुपरविजन एवं प्रभारी थाना ग्रामीण विक्रम सिंह एसआई व डीएसटी प्रभारी अमीन खान के नेतृत्व में गठित की गई विशेष टीम द्वारा आसूचना व तकनीकी सहायता से मुलजिम अचलाराम व उसके भाई मगाराम को गिरफ्तार कर लूटी गई कार बरामद की।
पूछताछ में इन्होंने दो अन्य नाबालिग साथियों के साथ मिलकर टैक्सी कार लूटना स्वीकार किया। इस पर दोनों नाबालिकों को संरक्षण में लिया गया। मामले में आरोपियों से अग्रिम अनुसंधान व पूछताछ की जा रही है।
गुजरात से टैक्सी किराए पर लाकर लूट की वारदात का किया खुलासा: दो नाबालिग सहित चार को पकड़ा, लूटी गई कार बरामद
