जयपुर। नगर निगम जयपुर द्वारा शहर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से गंदगी फैलाने और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी के निर्देश पर अतिरिक्त आयुक्त प्रवीण कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य शाखा द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत बास बदनपुरा क्षेत्र स्थित एक गोदाम पर जांच कार्रवाई की गई। जांच के दौरान गोदाम परिसर में भारी गंदगी, डस्टबिन की अनुपस्थिति तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पाया गया। नियमों के उल्लंघन पर गोदाम मालिक राहुल शर्मा, निवासी पंजाबी कॉलोनी, के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए नगर निगम की ओर से एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। अतिरिक्त आयुक्त प्रवीण कुमार ने बताया कि गोदाम संचालक को भविष्य सफाई रखने और प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की शपथ भी दिलाई गई।
ई रिक्शे में लाई जा रही प्लास्टिक पकड़ी, 120 किलो जब्ती
इसके साथ ही एक अन्य कार्रवाई के दौरान एक ई-रिक्शा में अवैध रूप से ले जाई जा रही सिंगल यूज प्लास्टिक भी जब्त की गई। निगम टीम ने मौके से लगभग 120 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त की तथा संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना भी लगाया गया।
नगर निगम आयुक्त डॉ गौरव सैनी ने स्पष्ट किया कि गंदगी फैलाने, डस्टबिन नहीं रखने और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नगर निगम जयपुर ने आमजन और व्यापारियों से अपील की है कि वे स्वच्छता नियमों का पालन करें, डस्टबिन का अनिवार्य रूप से उपयोग करें और सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग पूरी तरह बंद करें। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
गंदगी और सिंगल यूज प्लास्टिक पर नगर निगम का कड़ा प्रहार, गोदाम पर छापाय एक लाख का जुर्माना
