फर्जी लिंक व APK फाइल से मोबाइल हैक कर चुरा रहे हैं बैंक जानकारी
जयपुर । राज्य में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने तथा आमजन को जागरूक करने के लिए राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम शाखा द्वारा लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। हाल ही में यह सामने आया है कि साइबर अपराधी ऑनलाइन ई-चालान, पेंडिंग चालान, वाहन सूचना अपडेट तथा RC/DL वेरिफिकेशन के नाम पर फर्जी एसएमएस, लिंक और ई-मेल भेजकर लोगों से ठगी कर रहे हैं।
उपमहानिरीक्षक पुलिस साइबर शाखा विकास शर्मा ने बताया कि साइबर ठग वाहन चालकों को नकली ई-चालान का मैसेज भेजते हैं, जैसे-
“AX-VAAHAN / JK-VAAHAN E-Challan RJ41646241225123020 has been issued against your vehicle number RJ14CC#### on 2026-02-28 10:11:23. For more details please visit https://echallan.parivehan.gov.im/index/accused-challan”
इस प्रकार के संदेश में दिया गया लिंक फर्जी वेबसाइट पर ले जाता है। उस लिंक पर क्लिक करने से मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड हो सकती है, जिससे कॉल फॉरवर्डिंग, मालवेयर या फिशिंग के माध्यम से बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी या मोबाइल डेटा चोरी किया जा सकता है।
महत्वपूर्ण सावधानियाँ
● ई-चालान की जानकारी केवल सरकारी वेबसाइट से ही जांचें : ई-चालान की स्थिति देखने के लिए केवल अधिकृत वेबसाइट https://echallan.parivahan.gov.in का ही उपयोग करें।
● “Pending Challan” वाले फर्जी मैसेज से सावधान रहें : कई लोगों को ऐसा मैसेज भेजा जाता है कि “आपके वाहन का चालान पेंडिंग है, तुरंत भुगतान करें नहीं तो लाइसेंस सस्पेंड हो जाएगा।”
ऐसे संदेशों में दिया गया लिंक अक्सर फर्जी वेबसाइट पर ले जाता है, जहां से APK फाइल डाउनलोड हो सकती है।
● “Vehicle Info Update” या “RC Details Verify” लिंक पर क्लिक न करें : ऐसे लिंक खोलने से मोबाइल में मैलवेयर या फिशिंग पेज सक्रिय हो सकता है।
● अनजान ऐप या APK फाइल डाउनलोड न करें : कुछ साइबर अपराधी Vehicle Info App या Challan Check App डाउनलोड करने के लिए कहते हैं। ऐसी APK फाइल डाउनलोड करने से मोबाइल हैक हो सकता है।
● OTP और बैंक डिटेल किसी से साझा न करें : ट्रैफिक पुलिस या परिवहन विभाग कभी भी ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी या बैंक पासवर्ड नहीं मांगते।
● फर्जी कॉल से सावधान रहें : कुछ ठग ट्रैफिक पुलिस बनकर कॉल करते हैं और कहते हैं कि “आपका चालान पेंडिंग है, तुरंत ऑनलाइन भुगतान करें।” ऐसी कॉल पर विश्वास न करें।
यदि इस प्रकार की कोई घटना होती है तो तुरंत सूचना दें-
साइबर हेल्पलाइन नंबर: 1930, राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल https://cybercrime.gov.in, साइबर हेल्पडेस्क नंबर 9256001930 / 9257510100 या निकटतम पुलिस थाना।
ई-चालान के नाम पर साइबर ठगी से सावधान: राजस्थान पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
