जयपुर। नगर निगम जयपुर द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में निगम आयुक्त डॉ गौरव सैनी के निर्देशानुसार एवं उपायुक्त सतर्कता प्रथम – द्वितीय के निर्देशन में सतर्कता शाखा की टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में सघन अतिक्रमण निरोधक अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत एसएमएस क्षेत्र, टोंक रोड, गांधी नगर रेलवे स्टेशन गेट नंबर-2, गोपालपुरा पुलिया, बंबाला पुलिया सहित बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, मनिहारी का रास्ता, छोटी चौपड़, लालजी चौक, चौपड़ बाजार, जोहरी बाजार, सांगानेरी गेट एवं एम.डी. रोड क्षेत्र में अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण हटाए गए।
कार्रवाई के दौरान सड़कों, फुटपाथों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए ठेले, गुमटियां एवं अस्थायी ढांचों को हटाया गया। इस दौरान लगभग 30 से अधिक अवैध अतिक्रमण हटाए गए, वहीं सात ट्रक सामान जब्त कर गोदाम में भिजवाया गया। इसके अतिरिक्त मौके पर ही 22,500/- का कैरिंग चार्ज वसूल किया गया।
अभियान के दौरान अतिक्रमण करने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि पुनः अतिक्रमण पाया गया तो संबंधितों के विरुद्ध भारी जुर्माना एवं कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
नगर निगम जयपुर द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि आमजन की सुविधा, यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने एवं शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने हेतु यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, 30 से अधिक अवैध ढांचे हटाए गए, 22,500 रुपये का जुर्माना वसूला
